अब AAP के तीन पार्षद हुए भाजपा में शामिल

भाजपा में शामिल
आप नेताओं को सदस्‍यता दिलाते भाजपा अध्यक्ष।

आरयू वेब टीम। दिल्ली में विधानसभा चुनाव मिली करारी हार के बाद शनिवार को आम आदमी पार्टी को एक और झटका लगा। आप के तीन पार्षद भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा में शामिल होने वाले पार्षदों में एंड्रयूज गंज से अनीता बसोया, आरके पुरम से धर्मवीर और चपराना से निखिल शामिल हैं। भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने पार्टी में उनका स्वागत कर सदस्‍यता दिलाई।

इस मौके पर बोलते हुए दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने बताया कि अनिता बसोया वार्ड 145 एंड्रूस गंज से आप पार्षद थीं, जिन्होंने भाजपा की सदस्यता ली है। वहीं हरिनगर वार्ड नंबर 183 से पार्षद निखिल चपराना ने भी आप को छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। उनके अलावा आरकेपुरम वार्ड से पार्षद धरमवीर सिंह भी पार्टी में आए। साथ ही बताया कि आरकेपुरम वार्ड से पार्षद धरमवीर सिंह दो बार के पार्षद हैं और हमारे विधायक अनिल शर्मा जी के काम से प्रभावित होकर पार्टी में आए हैं।

यह भी पढ़ें- केजरीवाल ने मुख्य चुनाव आयुक्त को लिखा लेटर, कहा AAP कार्यकर्ताओं पर हमला कर रहे भाजपाई

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में कुल 250 पार्षद होते हैं, लेकिन 11 पार्षद सांसद और विधायक बनने के बाद अब यह संख्या घटकर 239 रह गई है। इनमें से आम आदमी पार्टी के पास 119 पार्षद थे, जबकि भाजपा के पास 113 और कांग्रेस के पास सात पार्षद थे, लेकिन आप के तीन पार्षदों के भाजपा में शामिल होने के बाद उनकी संख्या घटकर 116 रह गई है, जिससे भाजपा और आप के बीच का अंतर सिर्फ तीन सीटों का रह गया है।

यह भी पढ़ें- AAP छोड़ भाजपा में शामिल हुए कैलाश गहलोत, कहा ED-CBI के दबाव वाली बात है गलत