अब यूपी में बदल गया राज्यपाल आवास का नाम, ‘राजभवन’ कहलाएगा ‘जनभवन’

जनभवन

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। शहरों, मोहल्ले और रेलवे स्टेशन के बाद अब उत्तर प्रदेश के राज्यपाल के आधिकारिक आवास का नाम भी बदल गया है। इसके बाद राजभवन का नाम बदलकर ‘जनभवन’ कर दिया गया है। नाम करण को लेकर दिशा-निर्देशों प्राप्त हुआ तो तत्काल प्रभाव से बुधवार को यूपी के राज्यपाल के आधिकारिक आवास ‘राजभवन’ का नाम अब बदलकर ‘जनभवन’ करने का नोटिफिकेशन जारी किया।

यह भी पढ़ें- अटल जी के पैतृक गांव बटेश्वर में योगी ने किया अस्थियों का विसर्जन, अब अटल चौक के नाम से जाना जाएगा हजरतगंज चौराहा

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के कार्यालय से बुधवार को जारी एक बयान से ये जानकारी मिली है। बयान में कहा गया है कि गृह मंत्रालय, भारत सरकार, नयी दिल्ली द्वारा राज्यपाल के आधिकारिक आवासों के नामकरण के मानकीकरण के संबंध में निर्गत निर्देशों के अनुपालन में, उत्तर प्रदेश के राज्यपाल के आधिकारिक आवास का नाम परिवर्तित किया गया है। इसमें कहा गया है कि पूर्व में ‘राजभवन’ के नाम से ज्ञात राज्यपाल के आधिकारिक आवास को अब ‘जनभवन’ नाम दिया गया है।

यह भी पढ़ें- प्रयागराज के अब इस घाट का बदला नाम

उक्त निर्देश के क्रम में उत्तर प्रदेश में राज्यपाल का आधिकारिक आवास तत्काल प्रभाव से समस्त शासकीय एवं वैधानिक प्रयोजनों के लिए ‘जन भवन’ के नाम से अभिहित एवं संबोधित किया जाएगा। ​नाम परिवर्तन के पीछे मुख्य तर्क यह दिया जा रहा है कि ‘राज’ शब्द सामंती और औपनिवेशिक मानसिकता का प्रतीक है, जबकि भारत एक लोकतंत्र है।

सरकार का मानना है कि इस परिसर का नाम ‘जन भवन’ रखने से यह संदेश जाएगा कि यह सर्वोच्च संवैधानिक पद जनता के लिए है और उनके प्रति जवाबदेह है। यह बदलाव आम नागरिक और संवैधानिक संस्थाओं के बीच की दूरी को कम करने के एक बड़े प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

यह भी पढ़ें- राष्ट्रपित भवन के दरबार हॉल व अशोक हॉल का बदला गया नाम
बताया जा रहा है कि ​इस निर्णय को लेकर काफी समय से चर्चा चल रही थी। शासन के उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और वर्तमान राज्यपाल के बीच विचार-विमर्श के बाद इस पर अंतिम मुहर लगाई गई। उत्तर प्रदेश देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है जिसने राज्यपाल के आधिकारिक निवास के नाम में इस तरह का क्रांतिकारी बदलाव किया है। आदेश जारी होने के साथ ही नाम पट्टिकाओं को बदलने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़ें- प्रधानमंत्री मोदी का ऐलान, राजीव गांधी खेल रत्‍न पुरस्कार का बदला नाम, अब मेजर ध्यानचंद के नाम पर होगा ये अवॉर्ड