आरयू वेब टीम। ऑस्ट्रेलिया, इंडोनेशिया और मलेशिया की पाबंदी के बाद अब यूके ने भी बच्चों के लिए सोशल मीडिया बैन कर दिया है। ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने सोमवार को ये कड़ा फैसला सुनाते हुए देश में 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया का उपयोग पूरी तरह बैन करने की घोषणा की है। इस कदम के साथ ही ब्रिटेन दुनिया का चौथा ऐसा देश बन गया है जिसने बच्चों की सुरक्षा के लिए इस तरह के कड़े प्रतिबंध लागू किए हैं। पीएम स्टारमर ने इस बैन के पीछे की मुख्य वजह बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य और विकास को बताया है।
साथ ही कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि वे बच्चों को घंटों तक अपनी ओर खींचकर रखते हैं, जिससे उनकी पढ़ाई, नींद और दोस्तों के साथ बिताए जाने वाले समय पर बुरा असर पड़ रहा है।
पीएम स्टारमर ने साफ कहा, “सोशल मीडिया बच्चों को नाखुश बना रहा है, और मैं अपने बच्चों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं करना चाहता।” आगे कहा कि सरकार केवल सोशल मीडिया तक ही सीमित नहीं रहेगी, बल्कि ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर एक व्यापक ओवरहाल की योजना बना रही है।
पीएम ने बताया कि आने वाले समय में गेमिंग सर्विसेज, लाइव-स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स और उन डिजिटल स्पेस को भी निशाना बनाया जाएगा, जहां अजनबियों का बच्चों से संपर्क करना आसान है। सरकार का उद्देश्य एक ऐसा डिजिटल माहौल तैयार करना है जहां युवा उपयोगकर्ता सुरक्षित रह सकें। मीडिया से बात करते हुए पीएम स्टारमर ने कहा कि सरकार की योजना इस साल क्रिसमस से पहले आवश्यक नियम पारित करने की है।
यह भी पढ़ें- सरकार की बड़ी घोषणा, बच्चों के लिए सोशल मीडिया बैन, 16 साल से पहले नहीं कर पाएंगे यूज
यदि सब कुछ योजना के अनुसार रहा, तो अगले साल की शुरुआत तक ब्रिटेन में बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर प्रतिबंध पूरी तरह से प्रभावी हो जाएगा। जब उनसे पूछा गया कि क्या बड़ी टेक कंपनियां इस कदम का विरोध करेंगी या बाजार छोड़ देंगी, तो उन्होंने कहा कि सरकार के पास इन नए नियमों को सख्ती से लागू करने के लिए जरूरी शक्तियां मौजूद हैं।












