आरयू वेब टीम। मुंबई से नेवार्क जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट एआइ-191 में टेकऑफ के बाद अचानक गड़बड़ी आ गई। जिसकी जानकारी लगते ही पायलट ने सूझबूझ का परिचय देते हुए विमान को मुंबई एयपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करायी। इस दौरान यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गयी। इमरजेंसी लैंडिंग के बाद बड़ी घटना होने से बची। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि खराबी किस वजह से हुई थी।
मिली जानकारी के मुताबिक मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से देर रात एक बजकर 14 मिनट पर एअर इंडिया की फ्लाइट संख्या एआइ191 ने अमेरिका के नेवार्क के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन इसके आधे घंटे बाद पायलट को विमान में टेक्निकल प्रोब्लम का एहसास हुआ। जिसके बाद पायलट ने क्विक डिसिजन लेते हुए विमान को वापस मुंबई एयरपोर्ट पर लैंडिंग कराने का फैसला लिया। जिसके बाद बुधवार को तड़के तीन बजे फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग हुई। वापस रनवे पर आने से फ्लाइट में बैठे यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गयी। किसी तरह विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गयी। इस वजह से एआइ-191 (मुंबई-नेवार्क) और एआइ-144 (नेवार्क-मुंबई) दोनों उड़ानें रद्द कर दी गईं।
एयर इंडिया ने इसे लेकर बयान जारी किया है। एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि मुंबई में फंसे यात्रियों के लिए होटल और वैकल्पिक उड़ानों की व्यवस्था की गई है। वहीं नेवार्क में मौजूद यात्रियों को स्थिति की जानकारी दे दी गई है और उनके लिए भी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें-वाराणसी व प्रयागराज जा रही फ्लाइट डायवर्ट, लखनऊ एयरपोर्ट पर करानी पड़ी दोनों की इमरजेंसी लैंडिंग
बता दें कि पिछले कुछ दिनों में एयर इंडिया के प्लेन साथ हुई तीसरी बड़ी घटना है। इससे पहले एयर इंडिया की एआइ -315 फ्लाइट, जो हांगकांग से दिल्ली आ रही थी, उसमें गुरुवार सुबह उड़ान से पहले एक तकनीकी दिक्कत आई। इस दौरान विमान के एक हिस्से को रिसेट किया गया। यह बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान सुबह 8:50 बजे (स्थानीय समयानुसार) उड़ान भरने वाला था, लेकिन तकनीकी वजहों से इसमें देरी हुई और यह करीब 11:30 बजे रवाना हुआ। इसके अलावा यह वही विमान है जिसमें 18 दिन पहले भी तकनीकी खराबी सामने आई थी।