अजय राय ने कहा, शंकराचार्य अविमुक्तेश्‍वरानंद के चयन पर सवाल उठा योगी आदित्‍यनाथ ने किया करोड़ों हिन्‍दुओं की आस्‍था का अपमान

अजय राय
योगी आदित्‍यनाथ पर निशाना साधते अजय राय।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। शंकराचार्य स्‍वामी अविमुक्तेश्‍वरानंद पर यूपी के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ के टिप्‍पणी करने से नाराज कांग्रेस ने सीएम योगी पर निशाना साधा है। आज कांग्रेस के प्रदेश अध्‍यक्ष अजय राय ने कहा कि योगी आदित्‍यनाथ ने शंकराचार्य अविमुक्तेश्‍वरानंद के चयन पर सवाल उठा देश के करोड़ों हिन्‍दुओं की आस्‍था व सनातन का अपमान किया है।

कांग्रेस के प्रदेश मुख्‍यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता में अजय राय ने सीएम पर निशाना साधते हुए कहा कि योगी आदित्‍यनाथ खुद एक पीठ के महंत हैं और उसके बावजूद उनका यह सवाल कि शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का चयन कैसे हो गया निहायत ही बचकाना और सनातन की परंपराओं पर उनकी अज्ञानता जाहिर करता है।

वहीं तर्क देते हुए प्रदेश अध्‍यक्ष ने कहा योगी आदित्‍यनाथ भी गोरखनाथ पीठ के महंत अपने गुरु द्वारा बनाए गए थे उनकी भी किसी मुख्यमंत्री ने नियुक्त नहीं किया गया था। वैसे ही शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को उनके गुरु शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती द्वारा बनाया गया था।

यह भी पढ़ें- मौनी अमावस्या में पुलिस ने रोका अविमुक्‍तेश्‍वरानंद का रास्‍ता, समर्थकों पर हुआ बल प्रयोग, नाराज शंकराचार्य ने संगम स्‍नान से किया इनकार

किसान-मजदूरों की बात करते हुए अजय राय ने कहा कि कल प्रदेश के सभी जनपदों में सफल ‘मनरेगा बचाओ’ पदयात्रा निकाली गई और प्रदेश के सभी कोनों में यह आवाज पहुंचा दी गई है कि मनरेगा जैसे कानून को खत्म कर मोदी सरकार ने अपनी मजदूर और किसान विरोधी सोच को उजागर कर दिया है।

पूरे जोर-शोर से विधानसभा घेरेगी कांग्रेस

अजय राय ने ऐलान करते हुए आगे कहा कि संघर्ष के क्रम में अब कांग्रेस आगामी 17 फरवरी को पूरे जोर-शोर से विधानसभा का घेराव करेंगे। हम इस भाजपा सरकार को यह बताने का काम करेंगे कि मजदूरों की भूख पर चढ़कर हम आपको सरकार नहीं चलाने देंगे। हम गांधी के अनुयायी हैं और हम हर गांधीवादी तरीका अपनाकर मनरेगा मजदूरों को उनका हक दिलाकर ही दम लेंगे।

किसान अधिकार गांव संवाद अभियान शुरु

प्रेसवार्ता में दिल्ली से आए भारतीय राष्ट्रीय किसान कांग्रेस के उपाध्यक्ष, प्रभारी संगठन अखिलेश शुक्ला ने कहा कि अमेरिका से हुई व्यापारिक संधि भारतीय किसानों के साथ मोदी सरकार का धोखा है, जबरदस्त सबसिडी प्राप्त अमेरिकी किसान जब जीरो प्रतिशत ड्यूटी के साथ अपना सामान बेचेगा तो भारतीय किसान उसके सामने नहीं टिक पाएगा। यही नहीं भारतीय किसान जब अमेरिकी बाजार में अपना सामान लेकर जाएगा तो उसे 18 प्रतिशत की ड्यूटी का सामना करना पड़ेगा। मोदी सरकार की यह व्यापारिक संधि पूरी तरीके से भारतीय किसानों के हितों के खिलाफ है। हम इस व्यापार समझौते का विरोध करते हैं और इसके खिलाफ आज से किसान अधिकार गांव संवाद अभियान की शुरुआत करते हैं।

यह भी पढ़ें- लखनऊ में प्रदर्शन कर कांग्रेस ने उठाई अंकिता भंडारी हत्याकांड की CBI जांच की मांग

प्रेसवार्ता में यूपी कांग्रेस मीडिया के वाइस चेयरमैन मनीष हिंदवी, किसान कांग्रेस मध्य जोन के चेयरमैन बृज मौर्या, पूर्वी जोन के चेयरमैन राम भवन शुक्ला, बुंदेलखंड जोन के चेयरमैन शिव नारायण सिंह परिहार व भारतीय राष्ट्रीय किसान कांग्रेस की कोऑर्डिनेटर शीतल मान भी मौजूद रहीं।