अखिलेश का बड़ा ऐलान 2022 में चाचा शिवपाल को बनाएंगे कैबिनेट मंत्री,बड़ें दलों से गठबंधन नहीं करने की बात भी कही

अखिलेश शिवपाल

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। सूबे के सबसे बड़े सियासी कुनबे सपा में एक बार फिर चाचा-भतीजे के एक होने की बात खुलकर सामने आ गयी। दिवाली के मौके पर शनिवार को सपा के गढ़ माने जाने वाले इटावा में पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने प्रेसवार्ता करते हुए बड़ा ऐलान किया है। अखिलेश ने अपने चाचा व प्रसपा सुप्रीमो शिवपाल सिंह यादव के साल 2022 में होने वाले यूपी विधानसभा में जसंवतनगर विधानसभा सीट छोड़ने की बात कही है, बल्कि सपा की सरकार बनने पर 2022 में शिवपाल यादव को कैबिनेट मंत्री बनाने का भी ऐलान किया है।

वहीं आज यूपी के अगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अखिलेश ने एक और बड़ा ऐलान किया है। कांग्रेस व बसपा के साथ विधानसभा चुनाव लड़ने का प्रयोग कर चुके अखिलेश ने साल 2022 के विधानसभा चुनाव में किसी भी बड़े राजनीतिक दल के साथ गठबंधन नहीं करने का ऐलान किया है।

साथ ही आज पत्रकारों से बात करते हुए अखिलेश ने अपनी मंशा साफ करते हुए छोटे-छोटे राजनीतिक दलों के साथ विधानसभा चुनाव लड़कर यूपी में अगली सपा सरकार बनाने की रणनीति का भी खुलासा किया है।

यह भी पढ़ें- प्रसपा के विलय की अटकलों को शिवपाल ने किया खारिज, कहा भाजपा के खिलाफ विपक्षी दल हो एक  

वहीं अखिलेश ने क्या अपने चाचा शिवपाल यादव की पार्टी से भी गठबंधन कर सकते हैं के जवाब में कहा है कि “उस पार्टी (प्रसपा) को भी एडजेस्ट करेंगे। जसवंतनगर उनकी (शिवपाल) सीट है। समाजवादी पार्टी ने वह सीट उनके लिए छोड़ दी है और आने वाले समय में उनके लोग मिलें, सरकार बनाएं, हम उनके नेता को कैबिनेट मंत्री भी बना देंगे… और क्या एडजस्टमेंट चाहिए?”

वहीं अखिलेश के इस ऐलान को शिवपाल की ओर से पूर्व में सपा से गठजोड़ की संभावनाओं पर दिए गए बयानों के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है।

यह भी पढ़ें- आदित्‍य यादव का ऐलान, सपा के साथ मिलकर प्रसपा लड़ेगी विधानसभा चुनाव, एक होनें की बताई ये वजह

योगी सरकार में बड़ा, अन्‍याय, अत्‍याचार व भ्रष्‍टाचार

वहीं आज अखिलेश ने भाजपा सरकार पर भी जमकर हमला बोलेते हुए कहा कि योगी सरकार में विकास का कोई बड़ा काम तो दिखा नहीं लेकिन अन्याय, अत्याचार और भ्रष्टाचार बहुत बढ़ा है। समाजवादी सरकार के अच्छे कामों को बर्बाद करना ही भाजपा का काम रहा है। जनता भाजपा सरकार से त्रस्त है, बेटियां असुरक्षित हैं, जबकि झूठे मुकदमें लगाकर लोगों को अपमानित किया जा रहा।

सरकार बनने पर लॉयन सफारी में कर सकेंगे सुबह की सैर

साथ ही पूर्व सीएम ने कहा कि इटावा में लॉयन सफारी को भाजपा सरकार नहीं खोल रही, इससे तो सरकार को आमदनी होती। अब यहां से शेर कहीं और भेजने की चर्चा है। समाजवादी सरकार बनने पर सुबह की सैर करने वालों के लिए, साइकिल वालों के लिए सफारी में सुविधाएं दी जाएगी।

बिहार चुनाव में हुई बेईमानी

वहीं हाल ही में संपन्‍न हुए बिहार चुनाव को लेकर भी सपा अध्‍यक्ष ने आज इटावा में भाजपा को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि बिहार में जनता ने महागठबंधन को समर्थन दिया। जनतंत्र में इतना बड़ा धोखा नहीं हुआ जब जीतते-जीतते किसी को हरा दिया गया हो। वहां बेईमानी हुई। सभी सर्वे महागठबंधन के पक्ष में थे, अचानक रिजल्ट बदल गया।

यह भी पढ़ें- अखिलेश का मायावती को झटका, “पूर्व सांसद व मंत्री समेत बसपा के दिग्‍गज नेताओं को किया सपा में शामिल”

उपचुनाव में लगा अधिकारी लड़ रहें चुनाव

वहीं यूपी उपचुनाव को लेकर पूर्व सीएम ने कहा‍ कि यहां के उपचुनाव में लगा अधिकारी चुनाव लड़ रहे हैं। समाजवादी पार्टी की एक सीट थी वह हमारे पास रही। उन्होंने कहा झूठ के बल पर भाजपाई सरकार बना सकते हैं तो हम विकास और जनता के भरोसे पर अपनी सरकार बनाने में अवश्य समर्थ होंगे।