अखिलेश का दावा, जनता का बढ़ता जा रहा गुस्‍सा, सामना नहीं कर पाएगी भाजपा, हारेगी चार सौ सीट

जनता का गुस्‍सा
जनता के सामने भाजपा पर निशाना साधते अखिलेश।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ/बलिया। सातवें चरण में ज्यादा उत्साह से इंडिया गठबंधन आगे बढ़ रहा है। जो 400 का नारा दे रहे थे, वह 400 सीट हारकर जाएंगे। जनता का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। इस गुस्से का सामना भाजपा नहीं कर पाएगी। झूठे वादे करने वाले छठे चरण में 400 से हार रहे हैं। 140 सीटें जीतने जा रहे हैं। देश की जनता 140 पर इन्हें समेट देगी। साथ ही कहा कि युवाओं की नौकरी छीनने के बाद ये लोग अब संविधान भी छीनना चाहते हैं। संविधान बदलने वालों को आप लोग बदल दें।

उक्त बातें पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सलेमपुर लोकसभा सीट के बेल्थरारोड स्थित जीएमएएम इंटर कॉलेज मैदान में जनसभा को संबोधित कर कही। भाजपा को निशाने पर लेते हुए यूपी के पूर्व सीएम ने कहा कि किसानों से झूठ बोल कर सत्ता हथियाने वाली भाजपा किसानों को उनके उपज का लाभकारी मूल्य भी नहीं दिलवा सकी। खाद में चोरी की गई। जिस तरह से बडे़-बडे़ उद्योगपति भारत छोड़ कर चले गए उसी तरह से नैनो यूरिया वाले भी देश छोड़ कर चले जाएंगे। इंडिया गठबंधन की सरकार बनते ही किसानों का कर्ज माफ होगा। किसानों की एमएसपी को कानूनी दर्जा दिया जाएगा।

अखिलेश ने मंच से यह भी दावा करते हुए कहा कि सरकारी नौकरी के 30 लाख पद खाली पडे़ हैं। हम नौजवानों को पक्की नौकरी देंगे। इन्हें आरक्षण के साथ खिलवाड़ नहीं करने देंगे। हम आरक्षण के साथ नौकरी देंगे। शिक्षामित्रों व 69 हजार अभ्यर्थियों की मदद करेंगे। साथ ही कहा कि इस सरकार में दस से ज्यादा पेपर लीक हुए हैं। गरीबों पर भाजपा की सरकार बुलडोजर चलवा देती है, लेकिन पेपर लीक करने वालों पर बुलडोजर नहीं चला। जो नौजवान नौकरी के लिए तैयारी करते थे, इस सरकार ने चार साल की अग्निवीर की व्यवस्था कर नौजवानों का भविष्य बर्बाद कर दिया। इंडिया गठबंधन की सरकार बनते ही अग्निवीर व्यवस्था को समाप्त कर स्थायी नौकरी दी जाएगी।

सपा मुखिया ने कहा लखनऊ और दिल्लीवालों की अब भाषा बदल गई है। जब किसी का आत्मविश्वास लड़खड़ा जाता है तो उनकी जबान भी लड़खड़ाने लगती है। अब कुछ भी बोलना शुरू कर दिया है। इन्होंने वैक्सीन लगवाई। कर्मचारियों को जबरदस्ती लगवा दी। इंसान की जिंदगी को खतरे में डाल दिया। जिस कंपनी से वैक्सीन बनवाई, उससे चुनाव में चंदा वसूल लिया। अखिलेश ने जन समूह से पूछा इन्होंने महंगाई बढ़ाई की नहीं। भीड़ ने उत्तर दिया हां। कहा कि चुनाव से पहले राशन, नमक, तेल दे रहे थे। अब इनके राशन की क्वालिटी घटिया हो गई है। हमारी सरकार बनने पर आटा के साथ डाटा भी फ्री देंगे।

यह भी पढ़े- प्रयागराज में राहुल-अखिलेश की जनसभा में उमड़ी भारी भीड़, संक्षेप में रखनी पड़ी बात
अखिलेश ने कहा कि जनता ने भाजपा का बैंड बजा दिया है। चुनाव में बहुत कम दिन शेष रह गए हैं। भाजपा के झूठ में नहीं आना है। गठबंधन की सरकार बनने पर मित्र मंडल, मंत्रीमंडल के साथ ही मीडिया मंडल भी बदलेगा। गरीबों की एंबुलेस व 100 नंबर की गाड़ी हमारी सरकार ने चलवाई थी। उसे भी इन लोगों ने खराब कर दिया। भाजपा हारेगी तो हमारा संविधान बचेगा। भाजपा हराओ नौकरी पाओ। भाजपा वालों ने बहुत झूठ बोले हैं। अब हार का इन्हें एहसास हो गया है। इसलिए इनकी जुबान भी लड़खड़ाने लगी है।
यह भी पढ़ें- विपक्ष को भानुमती बताने पर PM मोदी को अखिलेश का जवाब, चार जून के बाद बिखर जाएगा डरा-धमकाकर बना भाजपा का कुनबा