अखिलेश का केशव मौर्या को जवाब, भाजपाई ही कर रहें सिलेंडर की जमाखोरी, अपना नंबर करें सार्वजनिक

अखिलेश यादव

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या की टिप्पणी पर शुक्रवार को जवाब दिया है। केशव मौर्या ने एक बयान में कहा था, ‘अगर अखिलेश यादव के पास सिलेंडर नहीं है तो हमारे यहां सूचना भिजवा दें, हम सिलेंडर भिजवा देंगे।’ इस पर अखिलेश ने आरोप लगाते हुए कहा कि डिप्टी सीएम के बयान से ये साबित हो गया है कि सिलेंडर की जमाखोरी और कालाबाजारी भाजपाई ही कर रहे हैं।

सपा मुखिया ने आज अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर वीडियो पोस्टकर केशव मौर्या पर पलटवार कर कहा कि भाजपाई डिप्टी सीएम के बयान से ये साबित हो गया है कि सिलेंडर की जमाखोरी और कालाबाजारी भाजपाई ही कर रहे हैं। डिप्टी सीएम का दावा है कि ‘जिसके यहां सिलेंडर न हो वो हमारे यहां सूचना भेज दे, हम सिलेंडर भिजवा देंगे’। इस संदर्भ में आग्रह है कि वो अपना फोन नंबर सोशल मीडिया पर डाल दें या अपने घर, कार्यालय या फिर सीधे अपने जमाखोरीवाले अंडरग्राउंड गोदाम का पता ही दे दें।

भाजपा का पट्टा-झंडा लगाकर क्यों नहीं निकल रहे

इस दौरान सपा मुखिया ने भाजपा से सवाल किए हैं कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी और सेवा का दावा करने वाले भाजपाई और उनके संगी-साथी अब कहां नदारद हैं? ⁠गैस और तेल की लाइन में लगे लोगों को समझाने और सिलेंडर व तेल दिलवाने के लिए वो गले में भाजपा का पट्टा और गाड़ियों पर भाजपा का झंडा लगाकर क्यों नहीं निकल रहे हैं? वो ‘स्टूल’ लगाकर गैस एजेंसी और पेट्रोल पंपों के आगे क्यों नही बैठ जाते? साथ ही कहा कि सच तो ये है कि भाजपाई और उनके संगी-साथी हमेशा की तरह भूमिगत हो गये हैं।

आगे कहा कि जब भाजपाई कहते हैं कि ‘आपदा में अवसर’ होता है तो इसका मतलब और क्रोनोलॉजी समझिए:

– पहले लोगों को परेशान करो,
– ⁠’संकट है संकट है’ का प्रचार करो,
– ⁠जितना हो सके भय पैदा करो,
– ⁠कमी-किल्लत को लगातार बढ़ाओ,
– ⁠लंबी-लंबी लाइन लगवाओ,
– ⁠लाइन में झगड़े करवाओ,
– ⁠आस्तीनी मीडिया से दुष्प्रचार करवाओ,
– आने वाले दिनों की किल्लत बताओ,
– ⁠कमी के लिए किसी और को दोषी ठहराओ,
– ⁠लोग डरकर सामान के लिए भागेंगे,
– ⁠जब जनता आए तो दाम बढ़ा दो,
– ⁠ऐसे में संकट को आपदा बताओ,
– ⁠डरे हुए लोगों को और डराओ,
– ⁠फिर दाम कई गुना और बढ़ा दो,
– ⁠पिछले दरवाजे से सप्लाई करवाओ,
– ⁠कालाबाज़ारी करके बेतहाशा पैसे कमाओ।

यह भी पढ़ें- गैस सिलेंडर संकट पर अखिलेश का योगी सरकार पर हमला, कोई और नहीं, सरकार फैला रही अफवाह

हमला जारी रखते हुए अखिलेश ने कहा कि दरअसल भाजपाई और उनके संगी-साथियों के लिए ‘अवसर’ का असली मतलब है कालाबाजारी करके अकूत दौलत कमाना। भाजपा की सोच ही काला-कारोबारी है। मगर भूख और धूप से तस्त्र लोग भाजपा के महाझूठ से और भी अधिक क्रोधित हो रहे हैं। भाजपा हटाओ, सुख-चैन पाओ।

यह भी पढ़ें- बोले अखिलेश, झूठे प्रचार व दिखावे के लिए नकली MOU करती है भाजपा सरकार, बिना कमीशन नहीं होता कोई काम