गंगा में नहाने गए सात बच्चे डूबे, “तीन को बचाया गया, प्रयागराज में हुआ दिल दहलाने वाला हादसा”

दर्दनाक
प्रतीकात्मक फोटो।

आरयू ब्यूरो, प्रयागराज। प्रयागराज में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया है। नदी में नहाने गए सात बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। जिससे बच्चों ने शोर मचाना शुरू किया। आवाज सुनकर स्थानीय लोगों ने तीन बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि चार बच्चे डूब गए। इनमें से दो के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि दो बच्चों का पता नहीं चल सका है। दिल दहला देने वाले इस हादसे में गांव में कोहराम मचा है।

मिली जानकारी के मुताबिक प्रयागराज में मांडा थाना क्षेत्र के बामपुर गांव स्थित गंगा घाट पर शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे गंगा घाट पर नहाने पहुंचे थे। जिनमें बामपुर गांव निवासी मोहित (13) पुत्र दिगविजय, दिव्यांशु (16) पुत्र कमलेश, अमन (9) पुत्र कृष्ण कुमार, कुनाल (12) पुत्र अनिल, निहाल (10) पुत्र अनिल, दीपक (17) पुत्र राजाराम और ऋषभ (10) पुत्र कमलेश शामिल थे। सभी नहाते हुए गहराई में जाने से डूबने लगे।

बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आस-पास मौजूद मछुआरे मौके पर पहुंचे और मोहित, दिव्यांशु व अमन को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं कुनाल, निहाल, दीपक और ऋषभ गंगा की लहरों में बह गए। काफी प्रयास के बाद कुनाल और दीपक के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि निहाल और ऋषभ का अब तक पता नहीं चल सका है। हादसे से गांव में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

यह भी पढ़ें- दर्दनाक: तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को मारी टक्कर, गंगा स्‍नान को जा रहे आठ श्रद्धालुओं की मौत, पांच घायल

वहीं सूचना पर प्रभारी थाना निरीक्षक माधव प्रसाद त्रिपाठी व भारतगंज चौकी प्रभारी सुभाष सिंह पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से लापता बच्चों की तलाश शुरू की। खबर लिखे जाने तक दो बच्चों के शव बरामद किए जा सके।

यह भी पढ़ें- रायबरेली में दर्दनाक हादसा, तालाब में पांच बच्चों की मौत, एक को बचाने में डूबे आठ मासूम, तीन की बची जान