आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी पर फिर निशाना साधा है। सपा मुखिया ने आरोप लगाते हुए कहा कि भारतीय सेना ने हर लड़ाई के समय अपने लक्ष्य को पूरा किया है, लेकिन भाजपा ने सेना में अग्निवीर योजना लाकर नौजवानों को फौज की पूरी सेवा से वंचित कर दिया है। “हम सभी लोग अग्निवीर योजना के खिलाफ है, सेना में अग्निवीर योजना खत्म होनी चाहिए।”
अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर विभिन्न जिलों से आये कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सत्य नहीं बोलती और जनता उसके झूठ को समझ गयी है। भाजपा का झूठ ही इसे सत्ता से बाहर करेगा। सपा प्रमुख ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए आगे कहा कि भाजपा सरकार में बेईमानी, भ्रष्टाचार और लूट चरम पर है। इस सरकार में हर स्तर पर भ्रष्टाचार है। भाजपा भूमाफिया पार्टी है। विभिन्न जिलों में सरकारी जमीनों पर भाजपा के लोग कब्जा कर रहे है।
गरीबों की जमीन छीन रहें भाजपा के लोग
इस दौरान अखिलेश ने यह भी दावा किया कि भाजपा के लोग गरीबों की जमीनों को छीन रहे हैं। प्रदेश की कानून-व्यवस्था ध्वस्त है। यूपी अपराधियों की गिरफ्त में है।” साथ ही कहा कि छोटे दुकानदारों और कारोबारियों को बढ़ावा देकर ही एक लाख करोड़ डॉलर की अर्थव्यवस्था का सपना पूरा होगा।
यह भी पढ़ें- अखिलेश का आरोप, योगी सरकार ने बर्बाद कर डाली उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं, जनता के इलाज के नाम पर हो रही खानापूर्ति
पूर्व सीएम ने आगे कहा कि निवेश सम्मेलनों से कुछ नहीं होने वाला, जो सरकार के दबाव में उद्योगपतियों से वादा तो करवा लेती हैं, लेकिन जमीन पर कहीं भी निवेश दिखाई नहीं देता। इतना ही नहीं जो कुछ गिने-चुने निवेशक आते भी हैं तो भाजपाई एजेंट और अधिकारी उनसे कमीशन मांगते हैं, जिससे वे निराश होकर लौट जाते हैं।” सपा मुखिया ने कहा कि उत्तर प्रदेश के विकास का पहिया वैसे भी भ्रष्टाचार के दलदल में फंसा है, ऊपर से कमीशनखोरी का ये खेल। ऐसे तो हो चुका उत्तर प्रदेश का विकास।”