अमित शाह ने महात्मा गांधी को बताया ‘चतुर बनिया’, कांग्रेस को कहा बिना विचारधारा वाली पार्टी

लॉकडाउन
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम।

भारतीय जनता पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष अमित शाह ने आज राष्‍ट्रपिता महात्‍मा गांधी को लेकर एक विवादित बयान दिया है। उन्‍होंने कहा है कि महात्‍मा गांधी एक चतुर बनिया थे। वहीं कांग्रेस पर भी अमित शाह ने जमकर निशाना साधा है।

भाजपा अध्यक्ष ने रायपुर में आयोजित संगठन के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा है कि कांग्रेस बिना नीति और विचारधारा वाली पार्टी है। जबकि वह महात्मा गांधी पर बड़ा बयान देते हुए बोले कि वो दूरदर्शी होने के साथ, बहुत चतुर बनिया थे, उन्हें मालूम था आगे कांग्रेस का क्या होने वाला है। उन्होंने आजादी के बाद ही कह दिया था कि कांग्रेस को बिखेर देना चाहिए।

यह भी पढ़े- भाजपा नेता ने फिर दिया विवादित बयान कहा, जय श्रीराम नहीं बोलने वाले बनेंगे इतिहास

उन्‍होंने आगे कहा कि महात्मा गांधी ने कांग्रेस को खत्म करने का काम नहीं किया, लेकिन अब कुछ लोग उसको बिखेरने का काम कर रहे हैं। अमित शाह ने बताया कि इसीलिए महात्मा गांधी ने कहा था कि कांग्रेस की कोई विचारधारा ही नहीं है, देश चलाने के, सरकार चलाने के कोई सिद्धांत ही नहीं थे।

…वह देश द्रोही कहलाएगा

यही नहीं उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय में लगे देश विरोधी नारों का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी की स्पष्ट सोच है कि जो देश के खिलाफ नारे लगाएगा, वह देश द्रोही कहलाएगा। शाह ने कहा कि भाजपा शासित राज्य तेजी से विकास कर रहे हैं। यह कहने की बात नहीं है, आंकड़े उपलब्ध हैं, कोई भी इसका परीक्षण कर सकता है।

यह भी पढ़े- बिगड़े हालातों के बीच जम्‍मू पहुंचे अमित शाह

सबसे पहले देश, फिर पार्टी और अंत में व्‍यक्ति

इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र है, इसीलिए एक साधारण चाय बेचने वाला देश का प्रधानमंत्री है और एक सामान्य कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष। भाजपा का उदय राष्ट्रवाद के सिद्धांत पर हुआ है। यही वजह है कि हमारे लिए देश सर्वोपरि है। देश के बाद पार्टी और अंत में व्यक्ति है। हमारी आर्थिक नीति का आधार अंत्योदय है। पार्टी मानती है कि अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति का जब विकास होगा, तभी देश विकास करेगा।