पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर को जेल में मिली हत्‍या की धमकी, जांच शुरू

अमिताभ ठाकुर
अमिताभ ठाकुर। (फाइल फोटो)

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। पूर्व आइपीएस अफसर अमिताभ ठाकुर को देवरिया जेल में शुक्रवार को जान से मारने की धमकी मिली है। जिसकी जानकारी अमिताभ ठाकुर ने तत्काल जेल प्रशासन को दी। सूचना पर जेल अधीक्षक ने डीएम-एसपी को इससे अवगत कराते हुए जांच शुरू कराई है, हालांकि जेल अधिकारी कुछ भी बोलने से कतरा रहे हैं।

वकील प्रवीण द्विवेदी ने मीडिया को बताया कि जब उन्होंने अमिताभ ठाकुर से मुलाकात की, तो वे काफी भयभीत थे। उन्होंने बताया कि उन्हें अपने बैरक के बाहर एक पत्थर के नीचे दबा हुआ कंप्यूटर से टाइप किया हुआ धमकी भरा पत्र मिला था। पत्र में उन्हें जान से मारने की स्पष्ट धमकी दी गई थी। इस घटना से पूर्व आइपीएस अधिकारी मानसिक रूप से आहत और असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

उन्होंने तत्काल इसकी सूचना जेल प्रशासन को दी और धमकी भरा पत्र व पत्थर अधिकारियों को सौंप दिया। वकील प्रवीण ने इस घटना को जेल जैसी उच्च सुरक्षा वाली जगह के लिए बेहद गंभीर और चिंताजनक बताया। उन्होंने आशंका व्यक्त की कि उनके मुवक्किल की जान को वास्तविक खतरा हो सकता है।

यह भी पढ़ें- देवरिया जेल में बिगड़ी पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर की तबीयत, BRD रेफर

वकील के मुताबिक, अमिताभ ठाकुर इंडस्ट्रियल एरिया में भूमि आवंटन से जुड़े एक मामले में दस दिसंबर से जेल में बंद हैं। पिछले दो दिनों से वह भूख हड़ताल पर हैं। वे अपनी गिरफ्तारी के वक्त के सीसीटीवी और सीडीआर की मांग कर रहे हैं, लेकिन उन्हें दिया नहीं जा रहा है।

यह भी पढ़ें- जमीन खरीद के 26 साल पुराने मामले में पूर्व IPS एकाएक ट्रेन में गिरफ्तार, जेल जाने से पहले अमिताभ ठाकुर ने जताई अपनी हत्या की आशंका