अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में आया 5.4 तीव्रता का भूकंप, घरों से बाहर भागे लोग

तेज भूकंप

आरयू वेब टीम। भारत के अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में रविवार दोपहर भूकंप के तेज झटके महसूस हुए। दहशत के कारण लोगों को घरों से बाहर भागना पड़ा। हालांकि इस भूकंप के कारण शाम तक किसी भी तरह की जनहानि की सूचना नहीं मिली थीं।

वहीं राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार भूकंप दोपहर 12 बजकर छह मिनट पर महसूस किए गए। जिसकी तीव्रता 5.4 मापी गई। इसका केंद्र अंडमान सागर में 90 किलोमीटर की गहराई (अक्षांश 12.49 डिग्री उत्तर, देशांतर 93.83 डिग्री पूर्व) पर स्थित था। भूकंप के कारण लोग काफी डर गए थे, लेकिन राहत की बात ये है कि अभी तक किसी तरह के नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं मिली है।

इधर, जर्मन भूविज्ञान अनुसंधान केंद्र (जीएफजेड) ने रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 6.07 बताई है। संयुक्त राज्य भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने कहा कि अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.5 मापी गई है। ऐसे में तीनों एजेंसियों के मापन में भिन्नता है। इधर, द्वीप समूह के अधिकारी भूकंप के कारण क्षेत्र में हुए किसी भी बड़े नुकसान का पता लगाने में भी जुटे हुए हैं।

यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में आया भूकंप, सहमें लोग

गौरतलब है कि अंडमान और निकोबार द्वीप समूह दुनिया के सबसे भूकंपीय रूप से सक्रिय क्षेत्रों में से एक है और इसे जोन वी भूकंपीय क्षेत्र में वर्गीकृत किया गया है। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, इसमें संपूर्ण पूर्वोत्तर भारत, जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्से, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, गुजरात में कच्छ का रण, उत्तरी बिहार के कुछ हिस्से और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- अब अरुणाचल प्रदेश में आया भूकंप, घरों से निकले लोग