आरयू ब्यूरो, लखनऊ। सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने आज एक बार फिर भाजपा पर हमला बोला है। अखिलेश ने सपा मुख्यालय पर अपने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बीजेपी एक षडयंत्रकारी पार्टी है और उसकी प्रवृत्ति तानाशाही है, लेकिन इतिहास गवाह है हर तानाशाह को अपमानित होकर ही जाना पड़ता है।
यूपी के पूर्व सीएम ने कहा कि भाजपा नकारात्मक राजनीति करती है। दूसरे दलों और नेताओं को बदनाम करना उसका काम है इसके लिए वह सौ गुना खर्च करती है। पीडीए की प्रदेश में सरकार बनते ही जातीय जनगणना होगी।
यह भी पढ़ें- सपा महासचिव ने कहा, उपचुनाव में पुलिस ने किया नंगा नाच, फिर से हो मतदान
आज राजधानी लखनऊ समेत प्रदेशभर के जिलों से जुटे सपा नेता व कार्यकर्ताओं को अखिलेश संबोधित कर रहें थे। इसी दौरान उन्होंने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ पर भी निशाना साधा। अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार लोकतंत्र और संविधान विरोधी काम करती है। सत्ता का दुरुपयोग करने के साथ ही बजट की भी लूट कर रही। बीजेपी हर तरह के भ्रष्टाचार में शामिल है। चुनावों में पुलिस-प्रशासन को अपने पक्ष में अनुचित इस्तेमाल करती है।
इंडिया गठबंधन को करना है मजबूत
वहीं अपने कार्यकर्ताओं को मंत्र देते हुए अखिलेश ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट रास्ता नहीं होता इंडिया गठबंधन को मजबूत करते हुए सफल करना है। पीडीए की रणनीति से इंडिया गठबंधन को ताकत मिलेगी। पीडीए की ताकत से भाजपा बौखलायी है। नई-नई साजिशें कर रही है। पीडीए की एकता और मजबूती को देखकर भाजपा डर गयी है। वह समाज में नफरत फैलाने में जुट गयी है। पीडीए जितना मजबूत होगा, भाजपा उतना ही साम्प्रदायिक षड्यंत्र करेगी।
जातीय जनगणना सौ फीसदी होनी चाहिए
सपा सुप्रीमो ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा पीडीए की एकता को कमजोर करना चाहती है। वह जातीय जनगणना नहीं होने देना चाहती है। जातीय जनगणना होने से वंचित वर्गों को सामाजिक न्याय मिलेगा। सभी को अपनी आबादी के अनुपात में अधिकार मिलेगा। सबके साथ सामाजिक न्याय होगा। इसलिए जातीय जनगणना सौ फीसदी होनी चाहिए। 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार आ रही है। पीडीए की सरकार बनेगी। सरकार बनते ही जातीय जनगणना होगी। सभी को न्याय और सम्मान मिलेगा।