बुल्डोजर की आड़ में द्वेषपूर्ण व असंवैधानिक कार्रवाई कर रही योगी सरकार: राजभर

ओपी राजभर
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी की सहयोगी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर बुल्डोजर की आड़ में द्वेषपूर्ण और असंवैधानिक कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि सरकार को उत्तर प्रदेश में न्यायालयों पर ताला लगा देना चाहिए।

राजभर ने आज संवाददाताओं से बात कर योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा ‘‘योगी सरकार संविधान के विपरीत कार्य कर रही। बुल्डोजर की आड़ में द्वेषपूर्ण और असंवैधानिक कार्रवाई की जा रही है। योगी सरकार को उत्तर प्रदेश में न्यायालयों में ताला लगा देना चाहिए।’’

सुभासपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा की पूर्व नेता नुपुर शर्मा के विवादित बयान के कारण देश में असामान्य परिस्थिति उत्पन्न हो गई है और खाड़ी देशों में रह रहे तकरीबन 90 लाख भारतीयों के समक्ष देश वापसी की नौबत आ गई है। राजभर ने कहा कि मोदी सरकार को नुपुर शर्मा को तत्काल गिरफ्तार करना चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। भाजपा का इस मसले पर कोई ध्यान नही है।

यह भी पढ़ें- अखिलेश से नाराजगी का खंडन कर बोले ओपी राजभर, लोकसभा उपचुनाव में देंगे सपा का साथ

ओपी राजभर ने राष्ट्रपति चुनाव को लेकर पूछे जाने पर भाजपा उम्मीदवार का समर्थन करने से इंकार किया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि उनका दल विपक्ष के उम्मीदवार का समर्थन करेगा। राजभर ने उत्तर प्रदेश में लोकसभा की दो सीट पर हो रहे उपचुनाव में सपा उम्मीदवारों की जीत का दावा किया है।

यह भी पढ़ें- ओपी राजभर का आरोप, भाजपा जान से मारने की लगातार रच रही साजिश