असम में आठ दिनों के लिए लगा टोटल लॉकडाउन

तमिलनाडु में बढ़ा लॉकडाउन

आरयू वेब टीम। असम में गुरुवार शाम से अगले आठ दिनों के लिए गोलाघाट में टोटल लॉकडाउन का फैसला किया है। कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार ने संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए यह फैसला लिया है। गोलाघाट के जिलाधिकारी बिभाष चंद्र मोदी ने कहा कि गोलाघाट नगर निगम सीमा में गुरुवार शाम सात बजे से टोटल लॉकडाउन लागू किया जाएगा। यह अगले आठ दिनों तक जारी रहेगा।

उन्‍होंने कहा कि यह कदम कोरोना वायरस संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए उठाया गया है। यह टोटल लॉकडाउन 17 जुलाई शाम सात बजे तक लागू रहेगा। हाल ही में यहां कोरोना वायरस के मामलों में तेजी से वृद्धि हुई है, जो सार्वजनिक स्‍वास्‍थ्‍य के लिए एक बड़ा खतरा है। जिलाधिकारी ने कहा कि कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए किए गए उपायों के बावजूद यह तेजी से फैल रहा है।

टोटल लॉकडाउन के दौरान वाहनों की आवाजाही, सरकारी और प्राइवेट ऑफिस को खोलना, गैर-जरूरी सामनों के लिए शॉपिंग कॉम्‍प्‍लेक्‍स और दुकानों को खोलना प्रतिबंधित रहेगा। गोलाघाट जिले में अबतक 617 कोविड-19 मरीज हैं।

यह भी पढ़ें- #COVID19: ममता सरकार का बड़ा फैसला, “दिल्ली, मुंबई समेत छह शहरों से कोलकाता की उड़ानों पर लगाई रोक”

पड़ोसी जिले जोरहट में भी गुरुवार से एक सप्‍ताह के लिए टोटल लॉकडाउन करने का फैसला लिया गया है। कामरूप मेट्रोपोलिटन जिले में 28 जून से दो हफ्ते का टोटल लॉकडाउन जारी है, इसकी सीमा में गुवाहाटी शहर भी आता है। दीमा हसाओ और वेस्‍ट कर्बी एंगलोंग में भी टोटल लॉकडाउन लगाया गया है। असम में बुधवार तक कुल 14,032 कोविड-19 संक्रमित थे और यहां अबतक 22 लोगों की मौत हो चुकी है।

यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र सरकार का बड़ा फैसला 31 जुलाई तक रहेगा लॉकडाउन, कोरोना से जंग में लॉन्च हुआ दुनिया का सबसे बड़ा ’प्रोजेक्ट प्लैटिना