असम के तिनसुकिया में आतंकी हमला, तीन जवान शहीद, 4 घायल

assam-attack

आरयू वेब टीम।

असम के तिनसुकिया जनपद में आज तड़के संदिग्‍ध आतंकियों ने सेना की गाड़ी पर हमला कर दिया। हमले में तीन जवान शहीद हो गये ज‍बकि चार घायल है। घटना उस समय हुई जब‍ सेना पेनगेरी इलाके से गुजर रही थी। घटना के पीछे उल्‍फा उग्रवादियों का हाथ माना जा रहा है। फिलहाल सेना सर्च ऑपरेशन चला रही है।

एएसपी एल डोंगल ने मीडिया को बताया कि मौके से आरपीजी और आईईडी बरामद किए गए है। हमले में उग्रवादियों का हाथ है। हमले की जांच करने के साथ ही अन्‍य साक्ष्‍य जुटायें जा रहे है। रक्षा विभाग के पीआरओ कर्नल सुनीत न्यूटन ने कहा कि घटना सुबह करीब साढ़े पांच बजे की है।

उग्रवादियों ने सड़क पर एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) लगा रखा था। एकाएक आईईडी विस्फोट के बाद काफिला रुक गया। सेना के जवान कुछ समझ पाते उससे पहले ही घात लगायें बैठे आतंकवादियों ने उनके ऊपर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी।

दूसरी ओर असम के सीएम सर्वानंद सोनोवाल ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि हमलावरों को किसी भी हाल में बख्‍शा नहीं जाएगा। इसके साथ ही गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने भी शहीद जवानों के प्रति दुख जाहिर किया।