आरयू वेब टीम। कर्नाटक में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। ब्याजखोर के उत्पीड़न से परेशान परिवार के पांच सदस्यों ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि अत्यधिक ब्याज दरों और उत्पीड़न के कारण कर्नाटक के तुमकुरु जिले में एक ही परिवार के पांच लोगों ने आत्महत्या की घटना हुई, पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
मिली जानकारी के मुताबिक तुमकुरु शहर के सदाशिवनगर इलाके में कबाब विक्रेता गरीब साहब अपने परिवार के साथ रहते थे। परिवार पर 1.5 लाख रुपये बकाया था। जिसपर गरीब ने अपनी जिंदगी खत्म करने से 5.22 मिनट पहले दो पन्नों का डेथ नोट छोड़ा था और एक वीडियो भी बनाया था। वीडियो में, उन्होंने बताया कि कैसे उसी इमारत के भूतल में रहने वाले व्यक्ति और उसके परिवार के सदस्यों ने उनके परिवार को प्रताड़ित किया और उन्हें चरम कदम उठाने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस को गरीब साहब (36), उनकी पत्नी सुमैया (32), बेटी हजीरा (14), बेटे मोहम्मद शभान (10) और मोहम्मद मुनीर (आठ) के शव उनके आवास पर लटके हुए मिले। साथ ही सुसाइड नोट में आरोपितों को सजा दिलाने के लिए गृह मंत्री डॉ. जी परमेश्वर से विशेष अनुरोध किया गया है।
यह भी पढ़ें- एक ही घर में परिवार के नौ सदस्यों की लाश मिलने से सहमें लोग, हत्या-आत्महत्या के बीच उलझी पुलिस
गरीब साहब ने मरने से पहले वीडियो में कहा था कि, ग्राउंड फ्लोर पर रहने वाला कलंदर राक्षस है और वह उसकी पत्नी और बच्चों पर अत्याचार करता है और उनके साथ मारपीट करता है। कलंदर अभद्र भाषा का भी प्रयोग करता है। उन्होंने वीडियो में कहा,“मेरी पत्नी और बच्चे डरते हैं कि अगर मैं मर गया, तो उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। मेरी पत्नी और बच्चे भी मेरे साथ आत्महत्या कर रहे हैं।
इस संबंध में तिलक पार्क पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पांच आरोपितों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ कर रही है।




















