भूकंप के तेज झटकों से दहला रूस, अमेरिका-जापान में सुनामी की चेतावनी जारी

रूस में भूकंप
भूकंप से क्षतिग्रस्त हुई इमारत।

आरयू इंटरनेशनल डेस्क। रूस बुधवार को भूकंप के तेज झटकों से दहल उठा। रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 8.0 दर्ज की गई। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के मुताबिक भूकंप के ये झटके रूस के कामचटका प्रायद्वीप के प्रशांत तट पर महसूस किए गए। जहां करीब एक घंटे के भीतर कई बार भूकंप आया। इससे पूरे इलाके में सुनामी की चेतावनी जारी की गई है, जिसका असर जापान से लेकर अमेरिका तक देखा जा सकता है। फिलहाल इस भूकंप से किसी भी जनहानि की कोई खबर सामने नहीं आई है, हालांकि 8.0 तीव्रता का भूकंप भारी तबाही मचा सकता है। जिसे देखते हुए राहत एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है।

दरअसल रूस के कामचटका में बुधवार तड़के भूकंप के कई झटके महसूस किए गए। भूकंप की प्रारंभिक अनुमानित तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 8.0 बताई गई जिसे बाद में बढ़ाकर 8.7 कर दिया गया। इस भूकंप का केंद्र रूस के कामचटका प्रायद्वीप में पेट्रोपावलोव्स्क से लगभग 136 किलोमीटर पूर्व में था। ये भूकंप जमीन के भीतर 19 किलोमीटर की गहराई में दर्ज किया गया। ये भूकंप जीएमटी मध्यरात्रि से लगभग आधे घंटे पहले आया। फिलहाल रूस की ओर से कामचटका में किसी भी प्रकार के जनहानि तो नहीं हुई, लेकिन मकानों और सामानों को काफी नुकसान पहुंचा है।

इस संबंध में राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक, भूकंप के पहले झटके बुधवार तड़के 4.54 बजे दर्ज किए गए। इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 7.8 दर्ज की गई। इस भूकंप का केंद्र जमीन के नीचे 55 किमी की गहराई में बताया गया। इसके बाद 5.46 बजे 6.5 तीव्रता का भूकंप आया। जिसका केंद्र जमीन के नीचे दस किमी की गहराई में बताया गया, जबकि 5.39 बजे आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.5 दर्ज की गई। इस भूकंप का केंद्र जमीन के नीचे दस किमी की गहराई में था।

यह भी पढ़ें- अंडमान सागर में दो घंटे में तीसरी बार आया भूकंप

इस भूकंप के बाद रूस, जापान और अमेरिका के लिए प्रशांत महासागर में सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। अमेरिकी अधिकारियों ने अलास्का और हवाई सहित कई क्षेत्रों के लिए सुनामी संबंधी चेतावनी जारी की है। वहीं जापान की मौसम विज्ञान एजेंसी ने प्रशांत तट पर एक मीटर तक की सुनामी की लहरें उठने की चेतावनी जारी की है।

यह भी पढ़ें- चीन-अफगानिस्तान समेत कई देशों में आया भूकंप