बिपरजॉय चक्रवात के अगले कुछ घंटों में बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका, इन हिस्सों में बारिश का अनुमान

बिपरजॉय चक्रवात

आरयू वेब टीम। एक बार फिर तटीय इलाकों में चक्रवाती तूफान ‘बिपरजॉय’ का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग की माने तो आज बिपरजॉय और भी भयानक रूप ले सकता है। अगले छह घंटों के भीतर यह बेहद खतरनाक चक्रवाती तूफान (वीएससीएस) में बदल जाएगा। इस तूफान का असर कई तटीय इलाकों में देखने को मिल सकता है। साथ ही अगले तीन दिन के दौरान उत्तर-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ने से पहले इसके धीरे-धीरे उत्तर-उत्तरपूर्व की ओर बढ़ने का अनुमान है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने रविवार को जानकारी देते हुए कहा कि पूर्व-मध्य अरब सागर के ऊपर स्थित बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान बिपरजॉय अगले छह घंटों के भीतर एक अत्यंत खतरनाक चक्रवाती तूफान में बदल जाएगा। इसका असर पाकिस्तान तक देखा जाएगा। 15 जून तक यह खतरनाक बिपरजॉय पाकिस्तान और उससे सटे तट तक पहुंच जाएगा।

उन्होंने कहा कि मछुआरों को अगले पांच दिन के दौरान अरब सागर में न जाने की चेतावनी दी गई है और मछली पकड़ने की सभी गतिविधियों को स्थगित कर दिया गया है। अधिकारियों ने राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के दलों को पोरबंदर, गिर सोमनाथ और वलसाड जिलों में भेज दिया है।भारतीय तटरक्षक बल ने गुजरात, दमन और दीव के मछुआरा समुदाय और नाविकों को जरूरी सावधानी बरतने और सुरक्षा उपाय करने की सलाह दी है।

यह भी पढ़ें- IMD का अलर्ट, 24 घंटों में खतरनाक तूफान में तब्दील हो जाएगा बिपरजॉय, तीन राज्यों में बढ़ा खतरा

मौसम विभाग के अनुसार चक्रवात ‘बिपरजॉय’ के कारण अगले सप्ताह राजस्‍थान के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार भीषण चक्रवाती तूफान ‘बिपरजॉय’ धीरे-धीरे उत्तर दिशा की ओर आगे बढ़ रहा है। इसके 16 जून को सुबह के समय तीव्र चक्रवाती तूफान के रूप पाकिस्तान तट की ओर पहुंचने की प्रबल संभावना है। इसके अनुसार उपरोक्त तंत्र के प्रभाव से 14-15 जून को राज्‍य के दक्षिणी और पश्चिमी भागों में बारिश की गतिविधियां दर्ज होने की संभावना है।

इस दौरान जोधपुर व उदयपुर संभाग के जिलों में मेघगर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है।मौसम केंद्र के मुताबिक 16-17 मई को राज्य में आंधी बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। इस बीच शनिवार को राज्‍य के गंगानगर, हनुमानगढ़ व चुरू जिलों में कहीं कहीं बारिश के बीच राज्‍य में गर्मी का प्रकोप जारी रहा। राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

यह भी पढ़ें- बांग्लादेश-म्यांमार के तटीय इलाकों से टकराया सबसे ताकतवर चक्रवाती तूफान मोचा 250 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलेगी हवा