भाजपा के सहयोगी संजय ने कहा, निषाद समाज को आरक्षण दिलाना मेरी प्राथमिकता, हारी सीटों पर दर्ज की है जीत

संजय निषाद
मीडिया के सामने अपनी बात रखते संजय निषाद। (फाइल फोटो)

आरयू ब्यूरो,लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव में भाजपा गठबंधन को मिली जीत के बाद सहयोगी दल निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद ने शनिवार को कहा कि निषाद समाज को आरक्षण दिलाना मेरी प्राथमिकता है। हमने भाजपा की हारी हुई सीटों पर जीत दर्ज की है। हमें आरक्षण चाहिए।

वहीं, योगी सरकार टू में मंत्री पद के सवाल पर उन्होंने कहा, ‘वो बड़े भाई हैं मुझे उम्मीद है कि निश्चित रूप से छोटे भाई को सम्मान देंगे। इस दौरान कहा कि लखनऊ में गृह मंत्री अमित शाह की रैली में हमारे लोगों ने आरक्षण के मुद्दे पर नाराजगी जताकर बहुत सही काम किया था। इसके बाद उन्होंने मामले का संज्ञान लिया।

संजय निषाद ने आज लखनऊ में प्रेसवार्ता कर सपा-बसपा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि ये दोनों दल जब सत्ता में आते थे, तो सिर्फ अपनी जातियों के विकास पर ध्यान देते थे। भाजपा के नेतृत्व में सभी जातियों का विकास हुआ है। वहीं सपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि सपा ने मेरे ऊपर गोली चलवाकर मारने का प्रयास किया। सपा हमारे लोगों को मारती है, लेकिन जैसे राम ने निषादराज को गले लगाया था। ठीक उसी तरह मोदी-योगी ने उनको प्यार और स्नेह दिया।

वहीं तंज कसते हुए कहा कि लोगों ने कहा था भाजपा, जिसको भी लाती है उसको बढ़ने नहीं देती है। यह बात अफवाह है। भाजपा ने हमको बढ़ाने का काम किया है। भाजपा में सभी जातियों को योजनाओं का लाभ मिला। उन्होंने कहा कि पहले देश का अनाज गोदामों में सड़ता था। जिला पूर्ति अधिकारी नहीं होते थे, बल्कि वह खाना पूर्ति अधिकारी हुआ करते थे। गरीब भूख से मरता था, लेकिन जब से भाजपा सरकार बनी है तस्वीर बदल गई है। सरकार ने अपना ध्यान गरीबों पर और कल्याणकारी योजनाओं में लगाया। गरीबों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- UP चुनाव से पहले संजय निषाद की BJP को चेतावनी, आरक्षण नहीं, तो वोट नहीं

संजय निषाद ने अपने विधायकों को नसीहत देते हुए कहा कि मैं अपने विधायकों से कहूंगा कि वह मर्यादित हो कर काम करेंगे। अपने शब्दों के चयन पर विशेष ध्यान दें। भाजपा के साथ मित्रवत संबंध बरकरार रखें। उन्होंने कहा कि गरीब के बेटे को मीडिया ने बहुत आगे बढ़ाया है। 2017 में हम एक सीट पर थे। अब 11 हो गए हैं। हमारे छह विधायक हैं और पांच भाजपा के सिंबल से जीते हैं। ऐसे में अब हमारे पास 11 विधायक हो गए हैं।

यह भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश में भाजपा को फिर मिली प्रचंड बहुमत, दूसरे नंबर पर सपा, कांग्रेस दो तो एक सीट पर सिमटीं बसपा