भाजपा का गंभीर आरोप, आतंकी सोच का समर्थन करने वालों के लिए प्रियंका ने खोले कांग्रेस के दरवाजे

रिहाई मंच
डा. चन्द्रमोहन। (प्रदेश प्रवक्ता, बीजेपी)

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शनों के दौर के बीच गुरुवार को भाजपा ने कांग्रेस महासिचव व यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी पर गंभीर आरोप लगाएं हैं।

बीजेपी के प्रदेश प्रवक्‍ता डा. चन्द्रमोहन ने आज पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि आतंकवादियों की पैरोकारी करने के लिए बने संगठन रिहाई मंच के प्रवक्‍ता रहे शहनवाज आलम को “उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग” का प्रांतीय चेयरमैन बनाने से प्रियंका वाड्रा की सोच स्पष्ट हो गई है।

यह भी पढ़ें- सदफ व दारापुरी की रिहाई पर बोलीं प्रियंका- निर्दोष व बाबा साहब की विरासत आगे बढ़ाने वालों को गिरफ्तार कर भाजपा सरकार ने दिखाई अपनी असली सोच

भाजपा प्रवक्‍ता ने प्रियंका के साथ ही रिहाई मंच पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि प्रियंका वाड्रा हर उस शख्स के साथ हैं जो देश में आतंक का माहौल पैदा करने वालों का समर्थक हैं। शहनवाज के अलावा रिहाई मंच से जुड़े कई संदिग्ध लोगों को यूपी कांग्रेस की कार्यकारिणी में जगह देकर प्रियंका गांधी ने यूपी कांग्रेस के दफ्तर के दरवाजे आतंकी सोच का समर्थन करने वाले लोगों के लिए खोल दिए हैं।

यह भी पढ़ें- लखनऊ में CAA के खिलाफ प्रदर्शन, बवाल, फायरिंग में युवक की मौत, फूंकीं गई पुलिस चौकी व दर्जनों वाहन, तोड़फोड़, पथराव, लाठीचार्ज

चंद्रमोहन ने ये भी आरोप लगाएं कि रिहाई मंच वही संगठन है जो यूपी में पकड़े गए आतंकवादियों की रिहाई के लिए पैरवी करता रहा है। साथ ही सीएए के खिलाफ रिहाई मंच के नेताओं ने भी यूपी में हिंसा फैलाने बड़ी भूमिका निभाई थी, जिसके कारण इनके कई पदाधिकारी जेल भी गए हैं। घोर मुस्लिम तुष्टीकरण की वजह से प्रियंका ऐसे लोगों के साथ गई हैं।