भाजपा ने बिहार में जारी किया घोषणापत्र, “19 लाख रोजगार, फ्री कोरोना वैक्‍सीन समेत किए कई वादे”

फ्री कोरोना वैक्‍सीन
घोषणापत्र जारी करतीं केंद्रीय वित्त मंत्री साथ में अन्य।

आरयू वेब टीम। बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी ने भी संकल्प पत्र के नाम से घोषणा पत्र जारी कर दिया है। भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, आईटी समेत विभिन्न क्षेत्रों में 19 लाख रोजगार देने का वादा किया है। साथ ही एक साल में तीन लाख शिक्षकों की भर्ती शामिल व हर बिहारवासी को फ्री कोरोना वैक्सीन का भी वादा घोषणा पत्र में किया गया है।

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और अन्य नेताओं ने घोषणापत्र जारी किया। इसमें कहा गया है कि बिहार में मेडिकल और तकनीकी शिक्षा हिन्दी भाषा में उपलब्ध कराएंगे। एक साल में तीन लाख नए शिक्षकों की भर्ती करेंगे। बिहार में अगले पांच वर्ष में आईटी हब बनाते हुए पांच लाख रोजगार देंगे। 50 हजार करोड़ रुपये की मदद स्वयं सहायता समूहों को देकर एक करोड़ महिलाओं को स्वावलंबी बनाएंगे।

संकल्प पत्र में पांच सूत्र, एक लक्ष्य और 11 संकल्प व्यक्त किए गए है। पार्टी ने संकल्प पत्र के जरिये अगले पांच साल का रोडमैप भी जारी किया है। गंगा मइया की नाम की कसम के साथ यह संकल्प पत्र जारी किया गया है। भाजपा ने तेजस्वी के दस लाख नौकरी के काट के रूप में 19 लाख रोजगार के अवसर का संकल्प घोषणा पत्र में लिया गया है।

यह भी पढ़ें- बिहार विधानसभा चुनाव: भाजपा ने जारी की 46 उम्‍मीदवारों की लिस्‍ट, देखें किन नेताओं पर जताया भरोसा

तीन लाख नए शिक्षकों की नियुक्ति करेंगे। बिहार को आईटी हब बनाएंगे, जिससे पांच लाख रोजगार मिलेंगे। पार्टी ने कृषि क्षेत्र में दस लाख रोजगार का संकल्प भी लिया है। वहीं घोषणापत्र में एक करोड़ महिलाओं को स्वावलंबी बनाएंगे, दस लाख समूहों के माध्यम से 1.20 करोड़ महिलाओं को पहले ही स्वावलंबी बनाया जा चुका है।

प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत अगले दो वर्षों में मीठे पानी में पलने वाली मछलियों के उत्पादन में बिहार को नंबर वन बनाएंगे। बिहार के एक हजार नए किसान उत्पादक संघों को आपस में जोड़ेंगे। इसके अलावा घोषणापत्र में कहा गया है कि मक्का, फल-सब्जी, चूड़ा, मखाना, पान, मसाला, शहद, मेंथा और औषधीय पौधों के लिए सप्लाई चेन विकसित करेंगे। इससे दस लाख नए रोजगार सृजित किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें- बिहार विधानसभा चुनाव में बागी रुख अपनाने वाले नेताओं को भाजपा की चेतावनी