आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार को लेकर एक बार फिर योगी सरकार पर निशाना साधा है। सपा मुखिया ने कहा प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद चिंताजनक है। अपराध लगातार बढ़ते जा रहे हैं। महिलाएं और बेटियां सुरक्षित नहीं है। भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है, उत्तर प्रदेश के हर विभाग में लूट-खसोट मची है।
फर्रूखाबाद में शनिवार को मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में बिजली संकट से स्थिति भयावह है। गर्मी से लोग बेहाल है, बिजली नहीं मिल रही है। भाजपा सरकार ने नौ साल में बिजली उत्पादन बढ़ाने के लिए कोई काम नहीं किया। एक भी यूनिट बिजली का उत्पादन नहीं बढ़ाया गया। बिजली की अघोषित कटौती से हाहाकार मचा है। किसान संकट में है। फसलों की खरीद में भी भ्रष्टाचार हो रहा है।
सपा मुखिया ने कहा कि नौजवानों को नौकरी, रोजगार नहीं मिल रहा है। बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। भाजपा सरकार सरकारी विभागों को निजी हाथों में बेंच दे रही है। आरक्षण खत्म कर रही है। उत्तर प्रदेश में तमाम सवाल है। इन सवालों को लेकर समाजवादी पार्टी जनता के बीच है। समाजवादी लोग भाजपा सरकार में हो रहे अन्याय, अत्याचार के खिलाफ हर स्तर पर लड़ाई लड़ रहे हैं।
यह भी पढ़ें- अखिलेश ने कहा, मोदी-योगी सरकार को देना होगा 20 साल का हिसाब
वहीं कन्नौज में मीडिया से बात करते हुए अखिलेश ने अहमदाबाद में हुई विमान हादसे को बेहद दुखद बताया है। उन्होंने कहा कि आज के समय पर जब टेक्नोलॉजी इतना आगे है तो यह घटना कैसे हो गई? इस हादसे की जांच हो रही है। जब जांच रिपोर्ट आएगी तभी पता चलेगा कि इतना बड़ा हादसा कैसे हो गया। हम लोग प्रार्थना करते हैं कि फिर कभी ऐसी घटना न हो।