‘बटुकों की चोटी खींचने’ वाले बयान पर बोले शिवपाल, ‘इतना बुरा लगा तो ब्रजेश पाठक दें इस्तीफा’

शिवपाल यादव

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने शंकराचार्य विवाद में बटुकों की चोटी खींचे जाने के महापाप बताया है, जिस पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने सवाल उठाते हुए प्रतिक्रिया दी है। शिवपाल ने कहा कि अगर उन्हें इस बात का इतना बुरा लगा है तो वो अपने पद से इस्तीफा क्यों नहीं दे देते। वो खुद भी तो उसी मंत्रीमंडल के सदस्य है।

वहीं शिवपाल यादव ने उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के बयान पर तंज कसते हुए कहा कि, “वे (ब्रजेश पाठक) उसी का पार्टी का हिस्सा हैं, मंत्रिमंडल में भी हैं। अगर उन्हें इतना ही बुरा लगा है तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। पाप तो उन्हें भी लगेगा क्योंकि वे उसी मंत्रिमंडल के सदस्य हैं और अपमान तो वहीं से हुआ है।”

गौरतलब है कि प्रयागराज माघ मेले में हुए शंकराचार्य स्‍वामी अविमुक्तेश्‍वरानंद और प्रशासन के बीच हुए विवाद और बटुकों की पिटाई का मामला शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। इस पूरे विवाद को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने गलत बताया। ब्रजेश पाठक ने बटुकों के साथ हुई शर्मनाक घटना पर कहा कि “चोटी नहीं खींचना चाहिए थे, ये महापाप है, जिन लोगों ने चोटी को छुआ है उन्हें पाप लगेगा। कई बरस बाद भी बहुत पाप पड़ेगा, सब खाता बही में लिखा जा रहा है। इस पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।”

यह भी पढ़ें- शंकराचार्य अविमुक्तेश्‍वरानंद के अपमान पर ब्रजेश पाठक ने कहा, बटुकों की चोटी खींचना महाअपराध, दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई

ब्रजेश पाठक का ये बयान ऐसे समय में आया है जब सीएम योगी आदित्यनाथ ने यूपी विधानसभा में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद को लेकर तीखी टिप्पणी की थी और कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था सबसे ऊपर थी। नियमों और मर्यादाओं का सबको पालन करना चाहिए। जिसके बाद इस विवाद को एक बार फिर से हवा मिल गई और विवाद ने फिर से तूल पकड़ लिया हैं।

यह भी पढ़ें- स्‍वामी अविमुक्तेश्‍वरानंद का CM योगी से तीखा सवाल, क्‍या जिसे प्रमाणपत्र देंगे वही होगा शंकराचार्य