लखनऊ में ब्रह्माकुमारीज योग शिविर का शुभारंभ कर राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, ‘वसुधैव कुटुंबकम’ दुनिया की बड़ी जरूरत

राष्ट्रपति मुर्मू
दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ करतीं राष्ट्रपति मुर्मू साथ में राज्यपाल व सीएम।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को लखनऊ पहुंचीं। जहां सीएम योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की मौजूदगी में ब्रह्माकुमारीज के ध्यान योग शिविर का शुभारंभ किया। इस दौरान राष्ट्रपति ने कहा कि ब्रह्माकुमारीज के इस कार्यक्रम में आकर मुझे प्रसन्नता हो रही है। भारत की सभ्यता ने विश्‍व कुटुंबकम का संदेश दिया है। साथ ही राष्ट्रपति ने कहा आगे बढ़ने के साथ भीतर झांकने की भी यात्रा शुरू करें, मन को शुद्ध करें।

राष्ट्रपति ने कहा कि आज विश्व कई चुनौतियों का सामना कर रहा है। इस संकल्प के लिए ब्रह्माकुमारीज का ये अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। भारत सरकार योग और ध्यान को बढ़ावा दे रही है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति में मूल्य आधरित शिक्षा पर जोर दिया जा रहा है। भारत सरकार पर्यावरण के प्रति प्रेम बढ़ा रही है।

वहीं कार्यक्रम को संबोधित करते हुए द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि मानवता का भविष्य विश्वास और चेतना से सुरक्षित है। आज मानवता ने बहुत उन्नति की है, आज का युग सूचना क्रांति का युग है, इसने मानव जीवन को और सुगम बनाया है। आज का मानव पहले की अपेक्षा अधिक शिक्षित और तकनीकी रूप से सक्षम है। समाज में तकनीकी उन्नति के साथ ही तनाव और एकाकीपन भी है। आज जरूरी है कि हम केवल आगे बढ़ने की ही नहीं बल्कि खुद के भीतर झांकने की यात्रा भी शुरू करें। इसका प्रयास ब्रह्माकुमारीज कर रहा है।

यह भी पढ़ें- बोले सीएम योगी, सिर्फ अधिकारों का ग्रंथ नहीं, कर्तव्यों का दायित्व भी है भारत का संविधान

आगे कहा कि हर मनुष्य चाहता है कि दूसरों पर विश्वास करें। विश्वास वहीं टिकता है जहां मन और भावनाएं शुद्ध हों। शांति और आनंद किसी बाहरी वस्तु में नहीं बल्कि हमारे भीतर है। जब आत्मिक चेतना आती है तो यह विश्व शांति की नींव बनती है। ब्रह्माकुमारीज संस्था द्वारा विश्व शांति, नागरिक मूल्यों व शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास के लिए प्रशंसनीय है। आइए शांति को अपने भीतर जगाएं। विश्वास को विचारों में उतारें और एकता को कर्मों में प्रकट करें। राष्ट्रपति ने कहा कि हम इसमें योगदान दें।  ब्रह्माकुमारीज विश्वविद्यालय केवल लखनऊ, माउंट आबू में नहीं बल्कि गांव-गांव में फैला है। आज का ये कदम विश्व में बढ़ेगा। ये सुंदर विश्व बनाने का संवहक बनेगा।

धर्म-जाति भुला एकता के साथ रहना है’: राधा

इससे पहले लखनऊ ब्रह्माकुमारीज की संचालिका राधा दीदी ने कहा कि भारत और भगवान की राशि एक ही है। यूपी वह महान प्रदेश है जहां जगत नियंता परमात्मा शिव बाबा का विश्व का सबसे बड़ा मंदिर काशी विश्वनाथ है। यहां मथुरा में श्रीकृष्ण की कर्म भूमि और अयोध्या में श्रीराम की चरित्र भूमि है। इस अभियान का उद्देश्य है हम सभी एक परमात्मा की संतान आपस में भाई-बहन बनकर रहें। हमें धर्म-जाति भुलाकर आपस में एकता और भाईचारे के साथ रहना है।

यह भी पढ़ें- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के दौरान हेलीपैड धंसा, बाल-बाल बची