बसपा के पूर्व सांसद, कद्दावर मुस्लिम नेता समेत सैंकड़ों नेता-कार्यकर्ता ने ली कांग्रेस की सदस्‍यता

बालकृष्‍ण चौहान
कांग्रेस में आए नए सदस्यों के साथ राजबब्बर, अजय कुमार लल्लू, प्रमोद तिवारी व अन्य।

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। प्रियंका गांधी के खुलकर राजनीत में आने के बाद से लगातार कांग्रेस में दूसरे दलों के दिग्‍गजों के आने का क्रम गुरुवार को भी जारी रहा। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले आज बसपा के साथ ही सपा के कई नेताओं ने जहां कांग्रेस की सदस्‍यता ग्रहण की वहीं हिंद कांग्रेस पार्टी का भी कांग्रेस में विलय हो गया।

कांग्रेस विधानमंडल दल नेता अजय कुमार लल्‍लू ने आज बसपा को झटका देते हुए घोसी से बसपा के पूर्व सांसद बालकृष्‍ण चौहान और पिछले लोकसभा चुनाव में देवरिया सीट से दूसरे स्‍थान पर रहने वाले बसपा के पूर्व  कद्दावर मुस्लिम नेता व प्रत्‍याशी नियाज अहमद खान को कांग्रेस में शामिल कर लिया। इस दौरान इन दोनों नेताओं के सैकड़ों समर्थकों ने भी कांग्रेस की सदस्‍यता ली।

इसके अलावा आज कांग्रेस के प्रदेश मुख्‍यालय पर गोरखपुर विश्‍वविद्यालय की पूर्व उपाध्‍यक्ष चेतना पाण्डेय, फाजिल नगर के ब्लाक प्रमुख हसीमुद्दीन एवं लखनऊ निवासी केंद्रीय विद्यालय संगठन के राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता सुभाष चंद्र शर्मा ने भी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजबब्बर सांसद एवं पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी के समक्ष अपने सैंकड़ों समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं ज्वाइनिंग प्रभारी मदन मोहन शुक्ला ने सदस्यता ग्रहण करने वालों को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलायी।

यह भी पढ़ें- यूपी में जारी है प्रियंका का मैजिक, अब BSP के पूर्व मंत्री सहित पूर्व IAS अफसर ने थामा कांग्रेस का हाथ

कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्‍ता डॉ. हिलाल अहमद ने बताया कि इसी क्रम में आज हिंद कांग्रेस पार्टी  के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयबीर सिंह नागर ने अपनी पार्टी का कांग्रेस में विलय करते हुए कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है। जयबीर सिंह नागर के साथ प्रमुख रूप से छवि यादव, मकसूद अहमद, कृष्णपाल गहलोत, उदयवीर टोकस, ऋषि पाल समेंत उनकी पार्टी के सैकडों लोगों ने भी कांग्रेस की सदस्‍यता ली है।

यह भी पढ़ें- अब बसपा की पूर्व सांसद, पूर्व विधायक व रिटायर्ड IPS अफसर सहित कई दिग्‍गज हुए कांग्रेस में शामिल

इसके अलावा आज कानपुर देहात के सूरज ठाकुर के नेतृत्व में कई प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, पूर्व प्रधान, सभासद एवं सैंकड़ों कार्यकर्ताओं ने भी कांग्रेस ज्‍वाइन की है। जिसमें प्रमुख रूप से क्षेत्र पंचायत सदस्य अजय सिंह, राहुल तोमर, महिलापाल सिंह, बंकट सिंह, पूर्व प्रधान शिव कुमार सिंह, भूरा दुबे, सभासद गोपाल सिंह, शहनवाज खान, प्रधान राम औतार दिवाकर, अशेाक तिवारी, सौरभ सिंह सहित सैंकड़ों लोगों ने सपा छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। वहीं आज जनपद बुलंदशहर के डिबाई विधानसभा क्षेत्र के वीरेंद्र कुमार शिरीष भी आज कांग्रेस में शामिल हुए।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस को कमतर आंकने वालों को प्रियंका गांधी ने दिया संदेश, जी जान से लड़ेंगे हम 2019 की लड़ाई

इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेश अध्‍यक्ष राजबब्बर ने सदस्यता ग्रहण करने वालों का स्वागत करते हुए कहा कि आप लोगों के पार्टी में शामिल होने से संविधान बचाने के कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के संघर्ष को बल मिलेगा और आने वाले चुनाव में आप सभी के सहयोग से केंद्र की झूठी और फरेबी सरकार को उखाड़ फेंकने में मदद मिलेगी। आप लोगों को पूरी ताकत के साथ इस अभियान में जुटना है। इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश मुख्‍यालय पर पूर्व विधायक भगवती प्रसाद चौधरी एवं पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण सिंह ने भी कांग्रेस में आए नए सदस्‍यों का वेलकम करते हुए उन्‍हें शुभकामनाएं दी।

यह भी पढ़ें- भाजपा से आजाद हुए कीर्ति ने थामा कांग्रेस का हाथ