CAA के समर्थन में जनसभा कर बोले मुख्‍यमंत्री, दुष्प्रचार व आगजनी से विपक्ष कर रहा देश का चीरहरण, जनता से PM को पोस्‍टकार्ड भेजने की अपील भी की

युग का उत्थान
जनसभा में आए लोगों का अभिवादन करते सीएम योगी, स्वतंत्र देव सिंह व अन्य।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। भगवान राम ने कहा था कि शरणार्थियों की रक्षा करना चाहिए। महर्षि अरविंद ने कहा था कि इस युग का उत्थान सबसे बड़ा पुण्य है, देश के साथ गद्दारी सबसे बड़ा पाप। ये बातें रविवार को गोरखपुर महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए यूपी के सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने कही।

मुख्‍यमंत्री ने नागरिकता संशोधन कानून का समर्थन करते हुए आज एक बार फिर कहा कि नागरिकता संशोधन अधिनियम भारत के किसी नागरिक के विरोध में नहीं है यह नागरिकता देने का कानून है, नागरिकता लेने का नहीं।विपक्ष को निशाने पर लेते सीएम बोले, साल 1955 में पंडित नेहरू के कार्यकाल में बने कानून में संशोधन को लेकर कांग्रेस भ्रम पैदा कर रही है। विपक्ष का कृत्य चीरहरण जैसा है, दुष्प्रचार व आगजनी के द्वारा देश का चीरहरण हो रहा है, विपक्ष का यह आचरण गैर जिम्मेदाराना है। हम सब मौन नही रह सकते हैं। इसे लेकर मौन रहना भी राष्ट्रद्रोहियों का समर्थन है। इस दौरान योगी ने जनसभा में आए लोगों से अपील करते हुए कहा कि सीएए को लागू करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिनंदन पोस्टकार्ड भेजकर करें।

कांग्रेस का पाप है यह कानून

वहीं विपक्ष पर हमला जारी रखते हुए योगी ने कहा कि यह कानून कांग्रेस का पाप है, जिसका परिमार्जन उसे खुद करना चाहिए था, लेकिन यह काम भाजपा सरकार कर रही है। इसके लिए कांग्रेस को जहां प्रधानमंत्री का अभिनंदन करना चाहिए था वहां वह लोगों को गुमराह कर रही है।

एक झूठ को सौ बार बोलो तो वह सच हो जाता है

जनता को संबोधित करते हुए मुख्‍यमंत्री ने आगे कहा कि दरअसल कांग्रेस सपा के साथ मिलकर वामपंथ की उस सिद्धांत पर काम करने का प्रयास कर रही है, जिसमें यह कहा जाता है कि एक झूठ को सौ बार बोलो तो वह सच हो जाता है। ऐसे में हमारा दायित्व बनता है कि हम लोगों के बीच जाएं और नागरिकता कानून से देश को होने वाले फायदे के बारे में बताएं।

यह भी पढ़ें- पहली बार मीडिया से बातचीत में बोले जनरल नरवणे, सरकार कहे तो सेना POK में कार्रवाई के लिए है तैयार

आज सीएम ने हाल ही में सेना प्रमुख द्वारा दिए गए बयान की ओर इशारा करते हुए अब तो हमारी सेना भी यह कहने लगी है कि जिस दिन सरकार आदेश करेगी पाक अधिकृत कश्मीर भारत का हिस्सा होगा। इसके पीछे मोदी सरकार की मंशा नए भारत के निर्माण की है, जिस दिशा में वह काफी आगे बढ़ चली हैं। इसी का नतीजा है कि आज अमेरिका और ईरान के बीच तनाव की स्थिति में भारत से मध्यस्थता की उम्मीद पूरी दुनिया कर रही है।

देश के लिए समर्पित है मोदी व योगी का जीवन: स्वतंत्र देव

इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए बीजेपी के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जीवन देश के लिए समर्पित है। वे परिवार को त्याग कर समाज के लिए निकले हैं। उन्होंने देश व प्रदेश को अपना परिवार समझा है। योगी जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश दंगामुक्‍त प्रदेश हुआ है। सीएए भारतीयता के विजय की अभिव्यक्ति है। यह कानून दूसरे देशों के अल्पसंख्यक पीड़ितों के लिए बनाया गया है, किसी भारतीय को नागरिकता से बेदखल करने के लिए नहीं। उन्होंने उन मुस्लिम युवाओं और मौलानाओं का अभिनंदन किया, जिन्होंने कानून को समझा और इसका समर्थन किया है।

बच्चों से कभी गुटखा मत मंगाना

प्रदेश अध्यक्ष ने मार्मिक ढंग से कार्यकर्ताओं का आहवान करते हुए कहा कि पार्टी मेरी मां है। भाजपा का कार्यकर्ता वंदेमातरम, तिरंगे व भारत माता के लिए समर्पित होता है। पार्टी का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना है। पार्टी पवित्र है। व्यक्ति से नारजगी हो सकती है पार्टी से नहीं। उन्होंने 3 बातों का आह्वान किया कि पहला अपने बच्चों से कभी गुटखा मत मंगाना, दूसरा माता-पिता के चरणों मे बैठना और तीसरा पत्‍नी पर कभी हाथ मत उठाना।

सपा-बसपा शासन में जमकर चलती थी गुण्डगर्दी

विपक्ष को निशाने पर लेते हुए प्रदेश अध्‍यक्ष ने आगे कहा कि सपा-बसपा शासन में गुण्डगर्दी जमकर चलती थी। योगी आदित्यनाथ के आने के बाद उनकी गुण्डई की दुकान बंद करा दी गई है। सपा-बसपा का परिवार आंकठ भ्रष्टाचार में डूबा था। यादव और दलितों का अगर कहीं सम्मान है तो वह भाजपा में है।

यह भी पढ़ें- CAA की जानकारी देने घर-घर जाएगी भाजपा, अमित शाह, राजनाथ व योगी समेत मैदान में उतरेंगे कई दिग्‍गज नेता

जनसभा में कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही, प्रदेश महामंत्री गोरखपुर क्षेत्र के प्रभारी पंकज सिंह, काशी व गोरखपुर क्षेत्र संगठन मंत्री रत्‍नाकर, प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र दत्त शुक्ल, पूर्व एमएलसी विनोद पांडेय, सांसद रवि किशन शुक्ला, सांसद रविंद्र कुशवाहा, सांसद कमलेश पासवान, सांसद विजय दूबे, सांसद प्रवीण निषाद, सांसद हरीश द्विवेदी, विधायक गण फतेह बहादुर सिंह, विमलेश पासवान, पवन केडिया, जटाशंकर त्रिपाठी, जन्मेजय सिंह, महिला आयोग उपाध्यक्ष पूर्व मेयर अंजू चौधरी समेत हजारों कार्यकर्ता व अन्‍य मौजूद रहें। क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने जनसभा में आये गोरखपुर क्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का स्वागत तथा संचालन क्षेत्रीय महामंत्री सहजानंद राय ने किया।

यह भी पढ़ें- CAA नागरिकता लेने नहीं, नागरिकता देने का है कानून: प्रधानमंत्री