आरयू ब्यूरो, लखनऊ। मध्य पूर्व में चल रहे संकट के कारण फ्लाइट टिकट के दाम भी काफी बढ़ गए हैं। इसकी वजह से हज यात्रियों के हवाई किराये में वृद्धि कर दी गई है, जिससे भारत के हज तीर्थयात्रियों पर इस साल आर्थिक बोझ बढ़ गया है। इस मामले पर नगीना सांसद और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू को लेटर लिखकर कहा कि हजयात्रियों पर अतिरिक्त शुल्क लगाना हजयात्रियों की भावनाओं के साथ अन्याय है।
नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा हज यात्रा 2026 में हवाई किराये की अचानक वृद्धि से हज यात्रियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है। हज यात्रा 2026 के दौरान विमान ईंधन (एविएशन टर्बाइन फ्यूल) की कीमतों में वृद्धि के कारण हवाई किराये में प्रति हज यात्री दस हजार रुपये की अतिरिक्त बढ़ोतरी कर दी गई है। ये फैसला ऐसे समय में लिया गया है जब हजारों हजयात्री पहले ही अपनी पूरी यात्रा राशि जमा कर चुके हैं और अनेक यात्री यात्रा पर जा भी चुके हैं।
चंद्रशेखर आजाद ने अपनी चिट्ठी में कहा कि ऐसी स्थिति में यह अचानक की गई वृद्धि हजयात्रियों, विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों के लिए गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न कर रही है। जिन यात्रियों ने सीमित संसाधनों के साथ वर्षों की बचत के आधार पर यह पवित्र यात्रा सुनिश्चित की थी, ऐसे में यात्रा के दौरान अतिरिक्त शुल्क लगाना हजयात्रियों की भावनाओं के साथ अन्याय है।
यह भी पढ़ें- राज्यों में मत्दान के बाद जनता को लगा महंगाई का झटका, LPG सिलेंडर के दाम में हुई 993 रुपये की बढ़ोत्तरी
नगीना सांसद ने केंद्रीय मंत्री से अनुरोध किया कि एयर फेयर फेर में की गई इस अचानक वृद्धि की उच्च स्तरीय समीक्षा कराई जाए। हजयात्रियों पर डाले गए अतिरिक्त दस हजार रुपये के बोझ को वापस लिया जाए या सरकार द्वारा वहन किया जाए। भविष्य में इस प्रकार के निर्णय यात्रा शुरू होने से पूर्व ही स्पष्ट कर दिए जाएं, ताकि यात्रियों को आर्थिक असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही चंद्रशेखर ने लेटर में कहा कि हमें आशा है कि आप इस गंभीर विषय पर संवेदनशीलता के साथ विचार करेंगे और हजयात्रियों को राहत प्रदान करने हेतु उचित कदम उठाएंगे।




















