फीस बढ़ोतरी, छात्रवृत्ति नहीं मिलने व पेपर लीक के विरोध में गांव से राजधानी तक छात्रों की लड़ाई लड़ेगी ASAP: वंशराज दुबे

एएसएपी छात्र विंग
बैठक को संबोधित करते वंशराज दुबे।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। उत्‍तर प्रदेश के कॉलेज-यूनिवर्सिटी के छात्रों की समस्‍याओं के लिए अब आम आदमी पार्टी की छात्र विंग (ASAP) लड़ाई लड़ेगी। रविवार को गोमतीनगर स्थित कार्यालय में बैठक इस बारे में रणनीति बनाई गयी है।  बैठक की अध्यक्षता मुख्य प्रदेश प्रवक्ता व छात्र विंग के उत्तर प्रदेश प्रभारी वंशराज दुबे ने की, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं सक्रिय साथियों ने भाग लिया।

बैठक में छात्रों, युवाओं और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े गंभीर मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रदेश में छात्रों की आवाज़ को मजबूती से उठाने के लिए जल्द ही एएसएपी की नई जुझारू प्रदेश कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा, जो युवाओं के अधिकारों की लड़ाई को गांव से लेकर राजधानी तक मजबूती से आगे बढ़ाएगी।

बैठक को संबोधित करते हुए छात्रविंग प्रदेश प्रभारी वंशराज दुबे ने कहा कि उत्तर प्रदेश का छात्र और युवा वर्ग आज अभूतपूर्व संकट का सामना कर रहा है। सरकार युवाओं के भविष्य को लेकर पूरी तरह संवेदनहीन हो चुकी है। लाखों छात्र अपने भविष्य को लेकर असमंजस में हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं के समाधान की बजाय लगातार उन्हें नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने कहा कि अब आम आदमी छात्र विंग प्रदेशभर में छात्रों के मुद्दों पर संगठित और निर्णायक संघर्ष का नेतृत्व करेगी।

पेपर लीक ने युवाओं के भविष्य के साथ किया खिलवाड़

वंशराज दुबे ने कहा कि प्रदेश में लगातार हो रही पेपर लीक की घटनाओं ने पूरी परीक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता खत्म कर दी है। वर्षों तक कठिन परिश्रम करने वाले लाखों युवाओं के सपनों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन सरकार इस मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है।

छात्रवृत्ति में देरी से गरीब छात्रों की पढ़ाई हो रही प्रभावित

आप प्रवक्‍ता ने कहा कि गरीब, पिछड़े और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के हजारों छात्र समय पर छात्रवृत्ति न मिलने के कारण अपनी पढ़ाई जारी नहीं रख पा रहे हैं। आर्थिक तंगी के कारण अनेक विद्यार्थियों को बीच में ही पढ़ाई छोड़नी पड़ रही है, जो प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न है।

मनमानी फीस वृद्धि पर लगे रोक

वंशराज दुबे ने कहा कि निजी और सरकारी शिक्षण संस्थानों में लगातार बढ़ाई जा रही फीस ने उच्च शिक्षा को आम परिवारों की पहुंच से दूर कर दिया है। उन्होंने सरकार से मांग की कि मनमानी फीस वृद्धि पर तत्काल रोक लगाई जाए और ऐसी व्यवस्था बनाई जाए जिससे आर्थिक स्थिति किसी भी छात्र की शिक्षा में बाधा न बने।

यह भी पढ़ें- राम मंदिर जमीन घोटाले का सबूत कमिश्‍नर को सौंप AAP सांसद ने कहा, करोड़ों हिंदुओं की आस्था से खिलवाड़ करने वालों पर हो सख्त कार्रवाई

इसके अलावा यूपी के लाखों योग्य युवा डिग्रियां लेकर रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं। रोजगार देने के बड़े-बड़े वादे करने वाली सरकार युवाओं को सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराने में पूरी तरह असफल रही है। उन्होंने कहा कि रोजगार के अवसर बढ़ाना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है, लेकिन वर्तमान सरकार इस जिम्मेदारी से लगातार भाग रही है। वंशराज दुबे ने कहा कि आम आदमी छात्र विंग उत्तर प्रदेश के प्रत्येक कॉलेज, विश्वविद्यालय और जिले में अपने संगठन का विस्तार करेगी।

इस मौके पर अरुण वर्मा, अनीत रावत, अंशुल यादव, कुलदीप यादव, रघुकुल यथार्थ, आशीष कुमार, अंकुश उपाध्याय, राकेश यादव, आशीष मौर्य, निलेश चतुर्वेदी, आकाश सिंह व मोहम्‍मद जाबिर रजा समेत अन्‍य छात्र नेता मौजूद रहें।