क्रिसमस पर बोले PM मोदी, ईसाई समुदाय से रहा है मेरा बहुत पुराना नाता

ईसाई समुदाय से नाता
ईसाई समुदाय के लोगों को संबोधित करते नरेंद्र मोदी।

आरयू वेब टीम। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को क्रिसमस के मौके पर अपने आधिकारिक आवास पर ईसाई समुदाय के लोगों को संबोधित किया। नरेंद्र मोदी ने कहा कि इसाई समुदाय के साथ मेरा संबंध कोई नया नहीं है, बहुत पुराना और बड़ा आत्मीय नाता रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि विकास का फायदा हर किसी तक पहुंचे और कोई इससे अछूता ना रहे। मोदी ने कहा, ‘‘ईसाई समुदाय के लोगों तक, विशेषकर गरीबों और वंचितों तक भी आज देश में हो रहे विकास का लाभ पहुंच रहा है।’’

प्रधानमंत्री ने ईसाई समुदाय के लोगों से कहा कि ईसाई समुदाय से मेरे संबंध बहुत आत्मीय रहे हैं। मैं गुजरात का मुख्यमंत्री था तब अक्सर ईसाई समुदाय के आध्यात्मिक नेताओं से मेरी मुलाकात होती रहती थी। मुझे कुछ ही साल पहले द होली पॉप से मिलने का सौभाग्य मिला था। मेरी लिए वह एक यादगार पल था।

मोदी ने कहा कि क्रिसमस के अवसर पर विश्‍व के लोगों और ईसाई समुदाय को मेरी शुभकामनाएं हैं। मेरे लिए यह सुखद है कि इतने विशेष और पवित्र दिन पर आप सभी मेरे निवास पर आए हैं। इंडियन माइनोरिटी फाउंडेशन ने यह प्रस्ताव रखा कि हम इस बार क्रिसमस मनाएं। मैंने उनसे कहा कि क्यों न मेरे यहां मनाया जाए।

यह भी पढ़ें- काशी में स्वर्वेद मंदिर का उद्घाटन कर बोले PM मोदी, विरासत-विकास की पटरी पर तेज गति से बढ़ रहा भारत

पीएम ने कहा दुनिया को एक बेहतर जगह बनाने के लिए हमने सामाजिक सद्भाव, वैश्विक भाईचारा, जलवायु परिवर्तन और समावेशी विकास जैसे मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने कहा, ‘‘ईसाई समुदाय ने समाज को दिशा देने में निरंतर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

समाज सेवा में यह समुदाय बढ़ चढ़कर हिस्सा लेता है। गरीब और वंचितों की सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहता है। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में आज भी पूरे भारत में ईसाई समुदाय के संस्थान बहुत बड़ा योगदान दे रहे हैं।’’

यह भी पढ़ें- MP, राजस्थान व छत्‍तीसगढ़ में जीत पर बोले प्रधानमंत्री मोदी, भाजपा में है जनता का भरोसा