दिल्ली की चौथी महिला सीएम बनीं रेखा गुप्ता, मंत्रिमंडल ने भी ली मंत्री पद की शपथ

रेखा गुप्‍ता
शपथ ग्रहण करतीं रेखा गुप्‍ता।

आरयू वेब टीम। दिल्ली में 27 साल बाद सत्ता में वापसी करने के बाद आज भाजपा की नई सरकार बन गई है। रेखा गुप्ता ने गुरुवार को दिल्ली की सीएम के रूप में शपथ ले ली। इसी के साथ रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला सीएम बन गई हैं। उनसे पहले आतिशी, शीला दीक्षित और सुषमा स्वराज दिल्ली की महिला सीएम रही हैं।

रेखा गुप्ता के बाद मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों को एलजी विनय कुमार सक्सेना पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। रेखा गुप्ता के बाद प्रवेश वर्मा ने दिल्ली के मंत्री पद की शपथ ली। फिर आशीष सूद, मनजिंजदर सिंह सिरसा, रविंदर सिंह इंद्राज ने भी मंत्री पद का शपथ ले लिया है। इसके बाद कपिल मिश्रा और पंकज सिंह ने शपथ ली। आज सुबह ही राजपत्र जारी कर इन सभी के नाम का ऐलान किया गया था।

यह भी पढ़ें- आखिरकार रेखा गुप्ता होंगी दिल्ली की नई मुख्यमंत्री, भाजपा विधायक दल की बैठक में लगी मुहर

शपथ ग्रहण के बाद सभी के मंत्रालयों का फैसला किया जाएगा। भाजपा ने अपने मंत्रिमंडल के ऐलान के साथ जातियों और समुदायों को साधने की कोशिश की है। इसमें जाट, पंजाबी और पूर्वांचल सभी का ख्याल रखा गया है। शपथ ग्रहण कार्यक्रम में पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय कैबिनेट सदस्य, भाजपा शासित राज्यों के सीएम और डिप्टी सीएम, सांसद और एनडीए के घटक दलों के नेता मौजूद रहे।