आरयू वेब टीम। दिल्ली में दूसरे राज्यों से जाने वाली महिलाओं को भाजपा सरकार ने बड़ा झटका दिया है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि जल्द ही राजधानी की महिलाओं को डीटीसी बसों में मुफ्त यात्रा के लिए ‘पिंक टिकट’ की जगह ‘पिंक पास’ दिया जाएगा, हालांकि ये सुविधा केवल दिल्ली की महिलाओं के लिए ही लागू होगी, इसके लिए भी उन्हें अपना आधार कार्ड दिखाना होगा। साथ ही मुफ्त यात्रा का लाभ बाहरी राज्यों की महिलाओं को नहीं मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने ये घोषणा नंदनगरी डिपो में आयोजित एक कार्यक्रम में की, जहां उन्होंने ऑटोमैटिक टेस्टिंग स्टेशन का उद्घाटन भी किया। साथ ही कहा कि दिल्ली सरकार की प्राथमिकता डीटीसी को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। फिलहाल डीटीसी पर 65,000 करोड़ रुपये का घाटा है, जिसे चरणबद्ध तरीके से खत्म किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- दिल्ली पुलिस ने आतिशी को हिरासत में लिया, झुग्गी बुलडोजर एक्शन के खिलाफ प्रदर्शन में थीं शामिल
वहीं रेखा गुप्ता ने बताया कि पिंक पास योजना को लागू करने के लिए निवास प्रमाण पत्र या आधार कार्ड जैसे दस्तावेजों की आवश्यकता होगी, ताकि केवल दिल्ली की महिलाएं ही इस सुविधा का लाभ ले सकें। आगे कहा कि ये कदम इसलिए उठाया गया है ताकि योजना का दुरुपयोग रोका जा सके और दिल्ली सरकार के संसाधनों का सही उपयोग हो। इस योजना से लाखों महिलाओं को रोजमर्रा की यात्रा में आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है, खासकर उन निम्न और मध्यम वर्ग की महिलाओं को जो रोजाना बसों से सफर करती हैं।
इससे न केवल यात्रियों का समय बचेगा बल्कि डीटीसी की परिचालन लागत भी कम होगी। ये स्टेशन बसों की तकनीकी जांच को तेज और सटीक बनाएगा, जिससे रखरखाव में सुधार होगा और बसों की उपलब्धता बढ़ेगी। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार दिल्ली की जनता को बेहतर परिवहन सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है।


















