केजरीवाल की गिरफ्तारी से मोदी पर भड़का विपक्ष, “डरा तानाशाह बनाना चाहता है मरा लोकतंत्र, इंडिया देगा मुंंहतोड़ जवाब “

केजरीवाल की गिरफ्तारी

आरयू वेब टीम। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर विपक्षी दलों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, एनसीपी अध्‍यक्ष शरद पवर व यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव समेत समाम नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला है। राहुल ने कहा, “डरा हुआ तानाशाह, एक मरा हुआ लोकतंत्र बनाना चाहता है।”

यह भी पढ़ें- केजरीवाल की गिरफ्तारी से आक्रोशित AAP कार्यकर्ताओं का लखनऊ में प्रदर्शन, पुलिस से धक्का-मुक्की

राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, “मीडिया समेत सभी संस्थाओं पर कब्जा, पार्टियों को तोड़ना, कंपनियों से हफ्ता वसूली, मुख्य विपक्षी दल का अकाउंट फ्रीज़ करना भी ‘असुरी शक्ति’ के लिए कम था, तो अब चुने हुए मुख्यमंत्रियों की गिरफ्तारी भी आम बात हो गई है। इंडिया इसका मुंहतोड़ जवाब देगा।”

राजनीति का स्तर इस तरह से गिराना प्रधानमंत्री को शोभा नहीं देता: प्रियंका

वहीं कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने भी ईडी की इस कार्रवाई को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के कारण दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को निशाना बनाना गलत और असंवैधानिक है। प्रियंका ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘चुनाव के चलते दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को इस तरह निशाना बनाना एकदम गलत और असंवैधानिक है। राजनीति का स्तर इस तरह से गिराना न प्रधानमंत्री जी को शोभा देता है न उनकी सरकार को।’’

उन्होंने नरेंद्र मोदी से कहा, ‘‘अपने आलोचकों से चुनावी रणभूमि में उतरकर लड़िये, उनका डटकर मुक़ाबला करिए, उनकी नीतियों और कार्यशैली पर बेशक हमला करिए यही लोकतंत्र होता है। मगर इस तरह देश की सारी संस्थाओं की ताकत का अपने राजनीतिक मकसद को पूरा करने के लिए इस्तेमाल करना, दबाव डालकर उन्हें कमजोर करना लोकतंत्र के हर उसूल के खिलाफ है।’’ प्रियंका ने दावा किया कि देश के विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस के बैंक खाते फ्रीज कर दिये गये हैं, तमाम राजनीतिक दलों और उनके नेताओं पर ईडी, सीबीआई, आयकर विभाग का दिन रात दबाव है। ‘‘एक मुख्यमंत्री जेल में डलवा दिये गये हैं, अब दूसरे मुख्यमंत्री को भी जेल ले जाने की तैयारी हो रही है। ऐसा शर्मनाक दृश्य भारत के स्वतंत्र इतिहास में पहली बार देखने को मिल रहा है।’’

खुद हैं शिकस्त के खौफ में कैद: अखिलेश

इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी बीजेपी पर हमला बोला। उन्होंने अपने एक्स पोस्ट में लिखा, “जो खुद हैं शिकस्त के खौफ में कैद ‘वो’ क्या करेंगे किसी और को कैद। बीजेपी जानती है कि वो फिर दुबारा सत्ता में नहीं आने वाली, इसी डर से वो चुनाव के समय, विपक्ष के नेताओं को किसी भी तरह से जनता से दूर करना चाहती है, गिरफ़्तारी तो बस बहाना है। ये गिरफ़्तारी एक नई जन-क्रांति को जन्म देगी।”

सत्ता के लिए किस हद तक गिर सकती भाजपा: शरद पवार 

वहीं एनसीपी (एसपी) के अध्यक्ष शरद पवार ने भी केजरीवाल की गिरफ्तारी पर मोदी सरकार पर निशाना साधा है। पवार ने कहा, विपक्ष को निशाना बनाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों के बदले की भावना से किए जा रहे दुरुपयोग की कड़ी निंदा करता हूं, खासकर जब आम चुनाव नजदीक आ रहे हों।” उन्होंने आगे कहा, “यह गिरफ्तारी दर्शाती है कि बीजेपी सत्ता के लिए किस हद तक गिर सकती है। इस असंवैधानिक कार्रवाई के खिलाफ ‘इंडिया’ एकजुट है।”

बता दें कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले में बृहस्पतिवार रात दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया। दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा केजरीवाल को एजेंसी की किसी दंडात्मक कार्रवाई से राहत देने से इनकार करने के कुछ ही घंटों बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। उनकी इस गिरफ्तारी के खिलाफ दिल्ली के मुख्यमंत्री ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है।