केजरीवाल की गिरफ्तारी से आक्रोशित AAP कार्यकर्ताओं का लखनऊ में प्रदर्शन, पुलिस से धक्का-मुक्की

आप का प्रदर्शन
प्रदर्शनाकरियों को ले जाती पुलिस।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ यूपी के जिलों में भी आप नेताओं व कार्यकर्ताओं में रोष है। वही राजधानी लखनऊ में प्रदेश प्रवक्ता इरम रिजवी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया है। कार्यकर्ता परिवर्तन चौक से भाजपा प्रदेश कार्यालय का घेराव करने के लिए आगे बढ़ रहे थे।

तभी पुलिस ने बैरिकेटिंग लगाकर रोक लिया, लेकिन कार्यकर्त्ता मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। कार्यकर्ताओं की पुलिस से धक्का-मुक्की हुई बाद में पुलिस ने बल प्रयोगकर कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर इको गार्डन पार्क ले गई।

इस दौरान इरम रिजवी ने कहा कि आज देश स्तब्ध है कि अदालत में मामला विचाराधीन होने के बावजूद, आनन-फानन में, रात के अंधेरे में, देश के प्रधानमंत्री ने एजेंसीज को भेजकर, देश की राजधानी के मुख्यमंत्री को गिरफ्तार कराया। लोकतंत्र की सरेआम हत्या हुई है।

साथ ही कहा कि अरविंद केजरीवाल से नरेंद्र मोदी डरे हुए हैं, नरेंद्र मोदी को सबसे ज्यादा डर आम आदमी पार्टी से लगता है। आगामी लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी हार रहे हैं इसीलिए लोकसभा चुनाव घोषित होते ही अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करवा दिया ताकि अरविंद केजरीवाल चुनाव प्रचार न कर पाए, लेकिन केजरीवाल भारत के लोगों के दिलों में बसते हैं, हर गरीब के बेटे हैं। केजरीवाल जी को कैद किया जा सकता है, लेकिन उनकी सोच को कैद नहीं किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें- CM केजरीवाल की गिरफ्तार पर विपक्ष का मोदी सरकार हमला, डरा हुआ तानाशाह मरा हुआ लोकतंत्र  चाहता है बनाना

साथ ही आप नेता ने दावा करते हुए कहा कि दो साल की जांच में एक पैसा न सीबीआइ को मिला है, न ईडी को मिला है। फिर भी चुनाव से ठीक पहले मुख्यमंत्री केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया जाता है।

प्रदर्शन में वंशराज दुबे, पंकज यादव, प्रियंका श्रीवास्तव, सुभाषिनी मिश्रा, संगीता जायसवाल, इस्मा जहीर, मुकेश शुक्ला, अफरोज आलम , मो. तकी, सावंत, अनित, अंशुल, मनोज जॉनी, अभिषेक, मोहम्मद सईद सहित अन्‍य कार्यकर्त्ता मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- लोकसभा चुनाव से पहले आखिरकार ED ने दिल्ली के मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल को किया गिरफ्तार