आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी में ‘घूसखोर पंडत’ वेब सीरीज के खिलाफ ब्राह्मण समाज ने मोर्चा खोल दिया है। ब्राह्मण समाज ने इस फिल्म के टाइटल पर विरोध जताया है, जबकि राजनीतिक दल भी इसका विरोध करने से पीछे नहीं रहे। इसका संज्ञान यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी लिया है। सीएम के निर्देश पर हजरतगंज कोतवाली में इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने मुकदमा दर्ज कराया है। जिसके वादी इंस्पेक्टर विक्रम सिंह खुद ही हैं।
इस संबंध में हजरतगंज कोतवाली के एसएचओ विक्रम सिंह ने शुक्रवार को कहा कि पुलिस ने फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ के निदेशक और उनकी टीम के खिलाफ एक जाति विशेष को अपमानित करने और वैमनस्यता फैलाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। ये प्राथमिकी भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196 (धर्म, जाति और भाषा के आधार पर वैमनस्यता को बढ़ावा देना), 299 (जानबूझकर द्वेषपूर्ण तरीके से किसी वर्ग की भावनाओं को आहत करना), 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान), 353 (सार्वजनिक उपद्रव से संबंधित) और सूचना प्रौद्योगिकी संशोधन अधिनियम की धारा 66 के तहत दर्ज की गई है।
एसएचओ ने शिकायत में कहा है कि ओटीटी मंच नेटफ्लिक्स पर एक फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ उसके निदेशक एवं उनकी टीम द्वारा रिलीज की जा रही है। उन्होंने शिकायत की है कि इस फिल्म का नाम एक विशेष जाति को चिह्नित कर उसे अपमानित करता है जिससे उस जाति विशेष में काफी रोष व्याप्त है। प्राथमिकी के अनुसार, कई सामाजिक संगठन एवं संस्थाओं की फिल्म को लेकर उग्र प्रदर्शन करने की तैयारी भी है। निदेशक द्वारा प्रसारित की गई इस फिल्म से समाज में सौहार्द एवं शांति बिगड़ने एवं समुदायों के बीच वैमनस्यता फैलने की आशंका है।
मिली जानकारी के मुताबिक सीएम योगी ने इसका संज्ञान लिया और सीएम के निर्देश पर लखनऊ के हजरतगंज पुलिस थाने में ये एफआइआर दर्ज की गई है। ओटीटी प्लेटफॉर्म पर प्रसारित आपत्तिजनक कंटेंट पर हजरतगंज पुलिस ने ये कार्रवाई की है। वेब सीरीज में जातिगत भावनाएं आहत करने का आरोप है। इसके अलावा वैमनस्य फैलाने और सौहार्द बिगाड़ने के उद्देश्य से सामग्री प्रसारण का भी आरोप है।
यह भी पढ़ें- कर्नाटक में रिलीज की जानी चाहिए कमल हासन की फिल्म ठग लाइफ सुप्रीम कोर्ट
बता दें कि ‘घूसखोर पंडत’ वेब सीरीज के खिलाफ यूपी के कई जिलों में ब्राह्मण समाज के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया है। प्रदर्शनकारियों ने वेब सीरीज पर बैन लगाने की मांग की है। साथ ही इसके निदेशक और कलाकारों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है।
फिल्म की बात करें तो टीजर में मनोज बाजपेयी सीनियर इंस्पेक्टर अजय दीक्षित के किरदार में दिखाई दे रहे हैं, जिन्हें दिल्ली में ‘पंडत’ के नाम से जाना जाता है। फिल्म में उनका किरदार एक बदनाम पुलिस अधिकारी का है, जिसकी छवि विवादों से घिरी रहती है।




















