महानगर पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगा, युवक ने भाजपा कार्यालय के गेट पर काटी हाथ की नस, भर्ती

काटी हाथ की नस
युवक को समझाती हजरतगंज पुलिस।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी में कानून-व्यवस्था व पुलिस के रवैये को लेकर अकसर ही योगी सरकार विपक्ष के निशाने पर रहती है। इस बीच एक युवक ने पुलिस से न्याय नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए घातक कदम उठा लिया। युवक ने लखनऊ में हजरतगंज स्थित भाजपा मुख्यालय के गेट नंबर एक पर सोमवार दोपहर हाथ की नस काट ली। आस-पास के लोगों ने पुलिस की मदद से उसको पकड़ लिया। बाद में पुलिस ने उसको इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है।

युवक ने बताया कि पड़ोसी ने उसके घर के सामने गड्ढा खोद दिया था। इसकी कई बार उसने स्‍थानीय महानगर पुलिस से लेकर नगर निगम तक में की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गयी। वहीं, पत्नी की बीमारी के चलते उसको झलकारी बाई में भर्ती कराया है। कहीं सुनवाई न होने पर वह मानसिक रूप से परेशान हो गया। जिससे तंग आकर उसने ये घातक कदम उठाया।

हजरतगंज पुलिस के मुताबिक, निशातगंज पेपर मिल कालोनी निवासी शेखू सिंह (38) ने सोमवार दोपहर को मुंह में ब्लेड छिपाकर आया। उसके बाद बिना कुछ कहे उसने भाजपा मुख्यालय के गेट नंबर एक पर हाथ की नस काट ली। लोगों ने बचाने की कोशिश की तो गला काटने की धमकी देने लगा।

यह भी पढ़ें- रेप के आरोपित पर कार्रवाई नहीं होने से दुखी युवती ने विधानसभा गेट के सामने की आत्मदाह की कोशिश

पुलिस ने आस-पास के लोगों की मदद से शेखू को समझा-बुझाकर शांत कराया। साथ ही प्राथमिक उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित शेखू की शिकायत को उच्चाधिकारियों तक पहुंचा दी गई है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

वहीं इस मामले में इंस्‍पेक्‍टर महानगर का कहना है कि युवक ने पुलिस से कभी कोई शिकायत नहीं की है। घटना के बाद पुलिस उसके घर के पास भी गयी थी वहां कोई गड्ढा भी नहीं खोदा गया है।

यह भी पढ़ें- सिपाही पर जबरन शादी कर प्रताड़ना का आरोप लगा महिला ने बच्‍ची के साथ विधानसभा के सामने की आत्मदाह कि कोशिश