अखिलेश को भाजपा का झटका, जलालपुर से विधायक सुभाष राय BJP में शामिल

विधायक सुभाष राय

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भाजपा ने आज सपा अध्‍यक्ष अखिलेश यादव को झटका दिया है। जलालपुर से सपा विधायक सुभाष राय ने पार्टी का साथ छोड़ भाजपा का दामन थाम लिया है। सोमवार को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या, यूपी भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की मौजूदगी में सुभाष राय ने भाजपा ज्वाइन कर ली है।

स्वतंत्र देव ने सुभाष राय को भाजपा का पट्टा पहनाकर पार्टी की सदस्यता दिलाई और उनका बीजेपी में स्वागत किया। स्वतंत्र देव ने कहा कि सुभाष राय पहले भी भाजपा में रह चुके हैं। वो डॉ. दिनेश शर्मा के साथ भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी थे। ये उनकी घर वापसी है। यूपी में जिस तरह से कानून का राज चल रहा और राष्ट्रवाद की बया चल रही उसे देखते हुए वो पार्टी में शामिल हुए हैं।

स्वतंत्र देव ने आगे कहा कि सुभाष राय के आने से अंबेडकर नगर क्षेत्र और अवध क्षेत्र में भाजपा को मजबूती मिलेगी। इस इलाके पर उनका काफी प्रभाव रहा है, वो यहां पर सालों से दलितों और पिछड़ों के लिए काम करते आ रहे हैं। स्वतंत्र देव ने ये भी कहा कि सुभाष राय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ के विचारों से प्रभावित हैं, इसलिए भाजपा में शामिल हुए है।

यह भी पढ़ें- मुलायम सिंह यादव के साढ़ू ने अखिलेश पर लगाया गंभीर आरोप, “बोले, नेताजी को बनाया बंधक, हालत बहुत खराब”

दरअसल सुभाष राय लंबे समय से सपा से नाराज चल रहे थे। उनकी नाराजगी देखते हुए पार्टी ने उन्हें पांच महीने बाद होने वाले चुनाव में एमएलसी बनाने का भरोसा भी दिया था, लेकिन सुभाष इस बात से भी खुश नहीं थे। वो जलालपुर से टिकट कटने के बाद से ही पार्टी से बेहद खफा चल रहे थे। सुभाष सपा जिलाध्यक्ष का पद स्वीकार करने से भी इंकार कर चुके थे। बता दें कि समाजवादी पार्टी के लिए ये तीसरा झटका है। इनसे पहले मुलायम की बहू अपर्णा यादव और उनके साढ़ू भी भाजपा में शामिल हो चुके हैं।

यह भी पढ़ें- भाजपा में शामिल होकर बोलीं, मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा, पार्टी जहां से कहेगी, वहां से लड़ूंगी चुनाव