श्रद्धांजलि सभा को संबोधित कर CM योगी ने कहा, बाबा साहब के सपनों का भारत बनाने में रामविलास का अहम योगदान

मुख्यमंत्री योगी
कार्यक्रम को संबोधित करते मुख्यमंत्री योगी साथ में चिराग पासवान।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी स्थित एक होटल में आयोजित पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की पुण्यतिथि के कार्यक्रम में गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि 50 साल पहले देश की राजनीति में एक ऐसे युवा नेता का उदय हुआ, जो समय के साथ दलितों, शोषितों और वंचितों की प्रखर आवाज बने।

साथ ही कहा कि बिहार की जनता जनार्दन ने उन्हें बहुत सम्मान दिया और देश में सबसे अधिक मतों के रिकॉर्ड से जिताकर भारत की संसद में भेजा था। रामविलास पासवान ने आजीवन भारतीय राजनीति के माध्यम से सामाजिक चेतना को जगाने और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के सपनों का भारत बनाने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया।

मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय पासवान के साथ संसद में बिताए अपने लंबे कार्यकाल को याद करते हुए कहा, “मुझे संसद में उनके साथ काम करने का सौभाग्य मिला। उनके मन में भारत की सनातन परंपरा के प्रति गहरा श्रद्धा और सम्मान का भाव था।” योगी ने कहा कि रामविलास पासवान ने बिना किसी भेदभाव के सामाजिक लड़ाई को आगे बढ़ाया। चाहे वह अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार हो या फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मंत्रिमंडल, एक केंद्रीय मंत्री के रूप में उनका व्यवहार हमेशा बेहद सहज, स्नेही और सदाशयता से पूर्ण रहता था, जो हर किसी के हृदय को छू लेता था।

यह भी पढ़ें- वरुण विहार व नैमिष नगर योजना का CM योगी ने किया शुभारंभ, 4520 प्लॉट का रजिस्ट्रेशन शुरू

आगे ही कहा कि आज भले ही रामविलास पासवान जी की भौतिक अनुपस्थिति हमें खलती है, लेकिन यह बेहद संतोषजनक है कि उनके पुत्र और वर्तमान केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान अपने पिता के उस अधूरे मिशन को पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ाने में लगे हुए हैं। चिराग पासवान आज एक केंद्रीय मंत्री के रूप में हर मंच पर देश के वंचितों और समाज की प्रखर आवाज बनकर लगातार काम कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- CM योगी का तंज, विपक्ष गिनता जाए सरकार देती जाएगी नियुक्तियां