आरयू ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती को ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में भव्य रूप से मनाने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने एक प्रेसवार्ता में कहा कि सरदार पटेल अखंड भारत के शिल्पी थे, जिन्होंने देश को एकजुट करने में अतुलनीय योगदान दिया। सीएम ने इस अवसर पर प्रदेशभर में ‘सरदार 150 यूनिटी मार्च’ के तहत विशाल पदयात्राओं और ‘रन फॉर यूनिटी’ के आयोजन का भी ऐलान किया।
लखनऊ में आयोजित प्रेसवार्ता में सीएम योगी के साथ उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सरदार पटेल को नमन करते हुए उनकी महानता को याद किया और कहा कि उनकी दूरदर्शिता के कारण ही आज देश एकजुट है। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल केवल एक राजनीतिक नेता नहीं, बल्कि देश के शिल्पी थे। उन्होंने कहा, “सरदार पटेल अखंड भारत के शिल्पी थे। उनकी जयंती, जिसे ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में मनाया जाता है, हमें उनके महान योगदान की याद दिलाती है।”
साथ ही कहा कि पटेल जी ने अपनी सूझबूझ और दृढ़ इच्छाशक्ति से 563 से अधिक रियासतों को भारतीय गणराज्य में शामिल कर देश को एकजुट किया। उन्होंने गुजरात के केवड़िया में स्थापित दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ का उल्लेख करते हुए कहा कि यह लौह पुरुष की महानता और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के लिए पूरे वर्ष विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें- यूपी में पराली जलाने वाले किसानों पर लगेगा भारी जुर्माना, सीएम योगी ने दिए निर्देश, सैटेलाइट से DM करेंगे निगरानी
वहीं मुख्यमंत्री ने आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि सरदार पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी कई स्तर पर कार्यक्रम चलाएगी। सीएम ने घोषणा की कि ‘सरदार 150 यूनिटी मार्च’ के तहत प्रदेश के हर लोकसभा क्षेत्र और हर विधानसभा क्षेत्र में पदयात्रा निकाली जाएगी। इन पदयात्राओं की दूरी आठ से दस किलोमीटर होगी।
इसका मुख्य उद्देश्य आमजन को सरदार पटेल के जीवन और राष्ट्रीय एकता में उनके योगदान के बारे में जागरूक करना और देश की एकता व अखंडता के प्रति संकल्प लेना है। मुख्यमंत्री ने बताया कि 31 अक्टूबर को सरदार पटेल की जयंती के दिन, प्रदेश के सभी जिलों में ‘रन फॉर यूनिटी’ का भव्य आयोजन किया जाएगा।




















