CM योगी की बड़ी घोषणा, तोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण जीतने पर छह करोड़ देगी सरकार

तोक्यो ओलंपिक

आरयू ब्यूरो, लखनऊ/वाराणासी। जापान के टोक्यो में होने वाले ओलंपिक खेलों में भाग ले रहे प्रतिभागियों के लिए योगी सरकार ने बड़ी घोषणा की है। यूपी सरकार ओलंपिक खेलों में हिस्सा लेने वाले प्रत्येक खिलाड़ी को 10 लाख रुपए देगी। यूपी सरकार गोल्ड मेडल (सिंगल कैटेगरी) जीतकर लाने वाले खिलाड़ी को छह करोड़ रुपए और गोल्ड मेडलिस्ट (टीम इवेंट) खिलाड़ी को तीन करोड़ रुपए देगी।

वाराणसी दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री ने मंगलवार को मीडिया से बात करते हुए इसकी घोषणा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने टोक्यो ओलंपिक खेलों में भाग लेने जा रही यूपी के खिलाड़ियों को जीत के लिए शुभकामनाएं दी हैं। वहीं एकल वर्ग में रजत पदक जीतनेवाले एथलीट को चार करोड़ रुपये और कांस्य पदक जीतनेवाले खिलाड़ियों को दो करोड़ रुपये मिलेंगे। वहीं, टीम स्पर्धाओं में रजत पदक जीतने पर दो करोड़ रुपये और कांस्य पदक जीतने पर एक करोड़ रुपये मिलेंगे।

यह भी पढ़ें- नई जनसंख्या नीति का ड्राफ्ट लॉन्च कर CM योगी ने कहा, विकास में बाधक है बढ़ती आबादी

गौरतलब है कि जापान की राजधानी टोक्यों में 23 जुलाई से ओलंपिक खेल शुरू होने जा रहे हैं। इसमें भारत का अब तक का सबसे बड़ा दल हिस्सा ले रहा है। यूपी से 10 खिलाड़ी विभिन्न स्पर्धाओं में भाग लेने के लिए टोक्यो जाएंगे। इस बार भारत को पहले से ज्यादा पदक जीतने की उम्मीद है।

यूपी से टोक्यो ओलंपिक में इस साल सबसे ज्यादा चार खिलाड़ी एथलेटिक्स से चयनित हुए है। इसमें प्रियंका गोस्वामी (20 वॉक), सीमा पुनिया (चक्का फेंक), शिवपाल सिंह (भाला फेंक) और अन्नू रानी (भाला फेंक) शामिल है। इसके अलावा हॉकी से पुरुष टीम में ललित उपाध्याय और महिला टीम से वंदना कटारिया को शामिल किया गया है। इसके अलावा शूटिंग में  सौरभ चौधरी और मेराज खान को टोक्यो ओलंपिक में भाग लेने का मौका मिला है, जबकि बॉक्सर सतीश कुमार और रोअर अरविंद सोलंकी भी अपना जलवा बिखेरेंगे।

यह भी पढ़ें- बोले सीएम योगी, वास्‍तव में टीम वर्क का नतीजा है त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भाजपा की जीत