यूपी-दक्षिण कोरिया ने कई सेक्टर में किया MOU, CM योगी बोले, हमारे आत्मिक रिश्ते हजारों साल पुराने

यूपी दक्षिण कोरिया एमओयू

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार और कोरिया गणराज्य के ग्योंगसांगबुक-डो प्रांत के बीच सोमवार को समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया गया। एमओयू के अंतर्गत दोनों प्रांतों में प्रगति व विकास के लिए शैक्षिक, आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों को प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके लिए कोरिया गणराज्य (दक्षिण कोरिया) के ग्योंगसांगबुक-डो प्रांत के राज्यपाल ली चेओलवू के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल एमओयू पर हस्ताक्षर करने के लिए उत्तर प्रदेश पहुंच। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में एमओयू हस्ताक्षर समारोह आयोजित किया।

उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त, मनोज कुमार सिंह तथा ग्योंगसांगबुक-डो प्रांत के महानिदेशक, ब्यूरो ऑफ इकोनॉमिक एंड इंडस्ट्रियल अफेयर, ली यंगसेओक द्वारा एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।सीएम योगी ने इस सहभागिता के महत्व और दोनों क्षेत्रों के बीच विकास और सहयोग के नए द्वार खोलने पर बल दिया। योगी ने कहा कि आज हस्ताक्षरित एमओयू दक्षिण कोरिया के ग्योंगसांगबुक-डो प्रांत तथा उत्तर प्रदेश के बीच द्विपक्षीय सहयोग में वृद्धि की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

सीएम योगी ने दक्षिण कोरिया के मेहमानों का स्वागत करते हुए कहा कि दोनों देशों के स्वतंत्रता दिवस की तिथियां एक है। आज भारत अपनी आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। भारत और दक्षिण कोरिया दोनों देश जी-20 के सदस्य हैं। दोनों देशों के रिश्ते शताब्दियों पुराने हैं। दो हजार वर्ष पूर्व अयोध्या की राजकुमारी श्रीरत्ना ने जल मार्ग से दक्षिण कोरिया की यात्रा की थी। उन्होंने जिमगवांन के राजा सुरो से विवाह किया था, जिसके बाद उन्हें हियो हवांग ओक के नाम से जाना गया। जिमगवांन साम्राज्य का प्रतीक जुड़वा मछली है, जो आयोध्या सहित उत्तर प्रदेश के अवध क्षेत्र में कई ऐतिहासिक स्मारकों में पाया जाता है।

यह भी पढ़ें- लखनऊ में स्थापित होगा फार्मास्युटिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट, CM योगी ने कहा, फार्मा मैन्युफैक्चरिंग इकाइयों की संख्या में देश में अग्रणी राज्य बनना हमारा लक्ष्य

सीएम योगी ने बताया कि छह नवम्बर 2018 को दक्षिण कोरिया की प्रथम महिला किम जुंग सूक के साथ उन्होंने अयोध्या में क्वीन हो मेमोरियल पार्क का शिलान्यास किया गया था। आज इसका निर्माण पूरा हो चुका है। अयोध्या और कोरिया का गिम्हे शहर सिस्टर सिटी है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संयुक्त राष्ट्र संघ में दिये भाषण का जिक्र करते हुए कहा जहां दुनिया के कई देश विश्व मानवता को युद्ध देने का काम किया है, वहीं भारत ने दुनिया को बुद्ध दिया है। दुनिया के बौद्ध अनुयायी भारत से अगाध श्रद्धा रखते हैं। भगवान बुद्ध से जुड़े सभी महत्वपूर्ण स्थान उत्तर प्रदेश में हैं। गौतम बुद्ध ने अपने जीवन का दो तिहाई हिस्सा यहीं गुजारा।

एमओयू की विशेषताएं-

उत्तर प्रदेश के छात्रों को ग्योंगसांगबुक-डो में स्थित विश्वविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करना।

ग्योंगसांगबुक-डो में स्थित कंपनियों में उत्तर प्रदेश से कार्यबल बढ़ाने के लिए सहायता प्रदान करना।

ग्योंगसांगबुक-डो में कंपनियों द्वारा नियोजित किए जाने वाले संभावित उत्तर प्रदेश कार्यबल के लिए कोरियाई भाषा की शिक्षा को बढ़ावा देना।

उत्तर प्रदेश में वेलनेस सेंटर के निर्माण के लिए सहयोग और संबंधित भारतीय कंपनियों को ग्योंगसांगबुक-डो में प्रवेश की सुविधा प्रदान करना।

उत्तर प्रदेश प्रशासन की सहायता से नोएडा, उत्तर प्रदेश में द्विवार्षिक ग्योंगसांगबुक-डो मेला (जीबी-मेला) शुरू करना।

विभिन्न औद्योगिक सेक्टर्स में व्यापारिक आदान-प्रदान एवं निवेश के लिए पारस्परिक समर्थन की सुविधा।

सांस्कृतिक आदान-प्रदान के माध्यम से दोनों क्षेत्रों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों को प्रोत्साहित करना।

यह भी पढ़ें- इन्वेस्टर समिट को जनता के साथ धोखा बता, अखिलेश ने योगी सरकार से पूछा पहले के कितने MOU जमीन पर उतरे