बेटी श्रुति के साथ भाजपा में शामिल हुईं किरण चौधरी ने साधा कांग्रेस पर निशाना

किरण चौधरी
भाजपा की सदस्‍यता लेतीं किरण चौधरी व उनकी बेटी।

आरयू वेब टीम। कांग्रेस से इस्तीफा देने के अगले ही दिन हरियाणा की वरिष्ठ नेता किरण चौधरी और उनकी बेटी श्रुति चौधरी ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया। भाजपा ज्वाइन करने के बाद किरण चौधरी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए एक व्यक्ति पर पार्टी के केंद्रित होने का आरोप लगाया है।

दिल्ली मे भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ की मौजूदगी में दोनों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

भाजपा में शामिल होने के बाद किरण चौधरी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘नई शुरुआत, एक नया प्रभात। आज सबका साथ, सबका विकास व सबका विश्वास और एक भारत, श्रेष्ठ भारत की संकल्पना हेतु उन्नत क्षेत्र व प्रदेश के उद्देश्य से अपने कार्यकर्ताओं के साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।’ ‘हमारा वचन है कि चौधरी बंसीलाल जी के पदचिन्हों का अनुसरण करते हुए हरियाणा व क्षेत्रवासियों के हित में सदैव समर्पित रहेंगे।’

हरियाणा में कांग्रेस को झटका देते हुए चौधरी और उनकी बेटी ने मंगलवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को भेजे इस्तीफे के पीछे किरण ने लिखा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि हरियाणा में कांग्रेस को अब व्यक्तिगत जागीर के तौर पर चलाया जा रहा है। इसमें मेरी जैसी ईमानदारों के लिए कोई जगह नहीं है। मेरे जैसे लोगों को यहां बहुत ही सुनियोजित तरीके से दबाया जाता है। समय-समय पर हमें अपमानित किया जाता है और साजिशें रची जाती हैं। अपने लोगों को प्रतिनिधित्व करने और मूल्यों को बनाए रखने के लिए मेरे प्रयासों में यहां बाधा उत्पन्न हो रही है।

यह भी पढ़ें- भाजपा में शामिल हुईं राधिका खेड़ा व शेखर सुमन

बता दें कि श्रुति चौधरी कांग्रेस की हरियाणा इकाई की कार्यकारी अध्यक्ष थीं और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री बंसीलाल की पुत्रवधू किरण चौधरी को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा का चिर प्रतिद्वंद्वी माना जाता है। किरण और उनकी बेटी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को अलग-अलग त्यागपत्र भेजे, जिसमें उन्होंने हुड्डा पर निशाना साधा।

यह भी पढ़ें- पत्‍नी समेत भाजपा में शामिल हुए उत्‍तर प्रदेश के पूर्व DGP विजय कुमार, विपक्षी दलों के नेताओं ने भी ली सदस्‍यता