जिंदगी बर्बाद करने में कांग्रेस ने नहीं छोड़ी कसर, मना करने के बाद भी अखिलेश ने किया गठबंधन: मुलायम

मुलायम सिंह

आरयू संवाददाता,

मैनपुरी। विधानसभा चुनाव में सपा की करारी शिकस्‍त के लिए कांग्रेस को भी जिम्‍मेदार ठहराते हुए आज मुलायम सिंह यादव ने कहा कि उनके मना करने के बावजूद पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कांग्रेस से गठबंधन किया। मुसलमान आज भी मस्जिद टूटने का गुनाहगार कांग्रेस को मानते हैं, वह कभी भी कांग्रेस को वोट नहीं देंगे।

यह भी पढ़े- शिवपाल बनाएंगे समाजवादी सेक्‍युलर मोर्चा, अध्‍यक्ष होंगे मुलायम

पुरानी यादें ताजा करते हुए मुलायम बोले कि हमारी जिंदगी बरबाद करने में कांग्रेस ने कोई कसर नहीं छोड़ी। कांग्रेस ने उन पर कई मामले दर्ज कराए और अखिलेश ने उसी कांग्रेस से गठबंधन किया। समाजवादी पार्टी जनता की गलती से नहीं खुद अपनी गलती से हारी है।

यह भी पढ़े- सपा सरकार के कामों को बदनाम करने की साजिश कर रही योगी सरकार: अखिलेश

शहीद धर्मेन्द्र यादव की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में आज करहल के जुनेसा गांव पहुंचे मुलायम सिंह ने शिवपाल यादव के रामगोपाल को ‘शकुनी’ बताने वाले बयान का समर्थन करते हुए कहा कि शिवपाल को हराने में कोई कसर नही छोड़ी गयी, पैसा भी खर्च किया गया। उसके बाद भी शिवपाल 52 हजार वोटों से जीत गए।

यह भी पढ़े- चिप से इंटरनेट कनेक्शन बिना पेट्रोल चोरी, तो EVM में भी हो सकता है मुमकिन: अखिलेश  

उन्होंने कहा कि कांग्रेस से गठबंधन सपा की बुरी दशा के लिए जिम्मेदार है। उनके मना करने पर भी अखिलेश ने कांग्रेस से गठबंधन किया। सपा के पूर्व मुखिया ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि मोदी ने एक भी वादा पूरा नहीं किया, झूठ बोलकर जनता को ठगा।

15 लाख रूपये हर खाते में डालने का वायदा कर सत्ता मे आए, लेकिन 15 हजार भी किसी खाते में आज तक नहीं पहुंचे। शिवपाल यादव के नई पार्टी बनाने की बात पर मुलायम बोले कि उन्‍हें समझाया गया है, आज फिर बात होगी। सभी लोग मिलकर समाजवादी पार्टी को मजबूत करें। अखिलेश यादव को मुख्‍यमंत्री बनाए जाने की बात को उन्‍होंने भूल माना, मुलायम ने यह भी कहा कि अगर वह मुख्‍यमंत्री बनते तो कम से कम आज पार्टी का यह हाल नहीं होता।