कांग्रेस नेता सदानंद सिंह का निधन, राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर

सदानंद सिंह का निधन
कांग्रेस नेता सदानंद सिंह। (फाइल फोटो)

आरयू वेब टीम। बिहार कांग्रेस के दिग्‍गज नेता, नौ बार विधायक, कई बार मंत्री और पूर्व विधानसभा अध्‍यक्ष सदानंद सिंह का बुधवार को निधन हो गया। दानापुर में इलाज के दौरान उन्‍होंने अंतिम सांस ली। वह कई दिनों से अस्‍पताल में भर्ती थे। सदानंद सिंह के निधन से राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है।

सदानंद सिंह लम्‍बे समय से बीमार चल रहे थे। काफी दिनों से पटना के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती थे। इस दौरान आज उन्होंने अंतिम सांस ली। उन्हें लि‍वर की समस्या थी। बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष मदन मोहन झा ने सदानंद सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया और उन्हें पिता तुल्य बताया।

मोहन झा ने ट्वीट कर कहा कि बिहार के सर्वमान्य नेता, कांग्रेस के योद्धा, मेरे पिता तुल्य सदानंद सिंह का आज स्वर्गवास हो गया। एक राजनीतिक युग का अवसान हुआ। आपका हंसता हुआ चेहरा हमेशा याद आएगा। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। एवं उनके परिवार को इस असहनीय दुःखद घड़ी को सहने की शक्ति दे।

यह भी पढ़ें- यूपी के पूर्व मुख्‍यमंत्री कल्‍याण सिंह का लखनऊ के SGPGI में निधन, चार जुलाई से थे भर्ती, जानें इनसे जुड़ी खास बातें

वहीं सदानंद सिंह के निधन पर तेजस्वी यादव ने शोक व्यक्त किया है। तेजस्वी ने कहा कि पूर्व बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सदानंद सिंह जी के निधन पर गहरी शोक-संवेदना व्यक्त करता हूं। उनका लंबा सामाजिक-राजनीतिक अनुभव रहा है. वो एक कुशल राजनेता थे। ईश्वर से उनकी आत्मा को शांति और शोक संतप्त परिजनों को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।

सदानंद सिंह बिहार में कांग्रेस के सबसे वरिष्ठ राजनेता थे। वह बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके थे। इसके अलावा वह बिहार सरकार में सिंचाई और ऊर्जा राज्यमंत्री के पद पर भी कार्य कर चुके थे।

यह भी पढ़ें- कासगंज: भाजपा विधायक देवेंद्र प्रताप का एकाएक निधन, सीएम योगी ने जताया अफसोस