हरियाणा में कांग्रेस प्रवक्‍ता को दिनदहाड़े बदमाशों ने गोलियों से भूना

हरियाणा
हरियाणा में कांग्रेस प्रवक्‍ता व गोलियों से बिखरे कांच के टुकड़े।

आरयू वेब टीम।

हरियाणा के फरीदाबाद में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्‍ता विकास चौधरी की अज्ञात बदमाशों ने गोली मार कर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि हत्या की इस वारदात को बदमाशों ने सेक्टर-9 स्थित पीएचसी जिम के बाहर अंजाम दिया है, जहां अक्सर विकास एक्सरसाइज करने के लिए आते थे।

प्राप्‍त जानकारी के अनुसार बदमाशों ने जब इस वारदात को अंजाम दिया उस समय हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्‍ता विकास चौधरी जिम से एक्सरसाइज करके निकल थे। इस दौरान दो हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई। विकास के शरीर में 10 से 12 गोलियां लगी हैं, जिसके बाद उन्हें तुरंत ही सेक्टर- 9 के कुछ दुकानदारों की मद्द से से सर्वोदय अस्पताल में ले  जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सर्वोदय अस्पताल में एसीपी जयबीर राठी ने विकास चौधरी की मौत की पुष्टि की है। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस को घटनास्थल पर 12 गोलियों के खोखे मिले हैं। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि वह जल्द ही इस वारदात को अंजाम देने वाले हमलावरों को अपनी गिरफ्त लेगी।

वहीं विकास चौधरी की हत्या के बाद हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर ने कहा कि यह ‘जंगल राज’ है। किसी को कानून का कोई डर नहीं है। कल भी इसी तरह की घटना हुई थी, जहां छेड़छाड़ का विरोध करने वाली महिला को चाकू मार दिया गया था। विकास चौधरी की हत्या की जांच होनी चाहिए।

इनेलो छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे विकास

मालूम हो कि विकास चौधरी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉक्टर अशोक तंवर के गुट में थे। कुछ वर्ष पहले तक इनेलो में थे और जब उन्हें फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र से इनेलो सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला ने टिकट नहीं दी तो इनेलो छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए थे।