दिल्ली में भाजपा सरकार के पूरे हुए सौ दिन, ‘कार्यपुस्तिका’ जारी कर CM रेखा ने कहा, सड़कों पर कर रहें काम

रेखा गुप्ता
कार्यक्रम में मौजूद सीएम रेखा साथ में अन्य।

आरयू वेब टीम। भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार ने शनिवार राजधानी में अपने शासन के पहले सौ दिन पूरे कर लिए। साथ ही दिल्ली सरकार ने एक ‘कार्यपुस्तिका’ जारी की, जिसमें रेखा गुप्ता के सीएम काल में अब तक शुरू की गई महत्वपूर्ण जन कल्याणकारी पहलों पर प्रकाश डाला गया है। इस दौरान आयोजित एक कार्यक्रम में रेखा गुप्ता ने कहा कि मेरा मंत्रिमंडल, हमारे विधायक, सभी जनप्रतिनिधि लगातार सड़कों पर लोगों के बीच काम करते हैं।

वहीं विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि मुझे बहुत दुख होता है जब मैं उन लोगों के बारे में सोचती हूं जो (मुख्यमंत्री की) कुर्सी पर बैठकर भारतीय सशस्त्रबलों पर सवाल उठाते थे और देश के दुश्मनों से हाथ मिलाते थे। दिल्ली सीएम ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने महिलाओं का सम्मान बढ़ाया। मैं इसके लिए पीएम मोदी को धन्यवाद देती हूं। देश की सभी महिलाएं दुश्मन के इलाके में आतंकवादी ठिकानों को नष्ट करने के लिए सशस्त्र मबलों को सलाम करती हैं।

इसके बाद रेखा गुप्ता ने दावा किया कि जब रामलीला मैदान से आंदोलन शुरू हुआ तो हजारों-लाखों लोग इसमें शामिल हुए, मैं भी शामिल हुई, दूसरे लोग भी शामिल हुए। सभी ने इसका समर्थन किया, यह सोचकर कि दिल्ली और देश में कुछ बेहतर होगा। वो लोग जो कहते थे कि उन्हें सत्ता का लालच नहीं है, वो इतने लालची हो गए कि उन्हें सत्ता के अलावा कुछ दिखाई ही नहीं देता।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि दिल्ली का दुर्भाग्य रहा कि यमुना की सफाई पर कभी किसी ने गंभीरता से काम नहीं किया, न ही कूड़े के पहाड़ों और पर्यावरण को साफ करने के लिए किसी ने काम किया। उन्होंने कहा कि यमुना नदी को साफ करने के लिए किसी के पास न तो कोई नीयत थी और न ही नीति। केंद्र सरकार ने इस पर काम करने के लिए दिल्ली को करोड़ों रुपये का बजट दिया, लेकिन उनके पास कोई विजन नहीं था। हमारी सरकार यमुना नदी को साफ करने के लिए काम कर रही है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली की चौथी महिला सीएम बनीं रेखा गुप्ता, मंत्रिमंडल ने भी ली मंत्री पद की शपथ

गौरतलब है कि रेखा गुप्ता ने 20 फरवरी 2025 को दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव में 48 सीटें जीतकर भाजपा ने 27 साल बाद राष्ट्रीय राजधानी में सरकार बनाई, जबकि 22 सीटों के साथ आम आदमी पार्टी (आप) विपक्ष में आ गई।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में भाजपा सरकार के पूरे हुए सौ दिन, CM रेखा ने कहा, सड़कों पर लोगों के बीच कर रहे काम