आरयू ब्यूरो, लखनऊ। दिल्ली में खराब मौसम के कारण मंगलवार को तीन विमानों को लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया। ये सभी एयर इंडिया की उड़ानें थीं, जिन्हें दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरने की अनुमति नहीं मिली। विमान थोड़ी-थोड़ी देर के अंतराल पर लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरे।
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक मंगलवार सुबह दिल्ली का मौसम अचानक खराब हो गया। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) ने इन उड़ानों को दिल्ली में लैंडिंग की अनुमति नहीं दी, जिसके बाद उन्हें लखनऊ भेजा गया। फिलहाल दिल्ली का मौसम सही होने का इंतजार किया जा रहा है। इस दौरान चंडीगढ़ से दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की उड़ान (एआई 1862), जिसका दिल्ली पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 10:55 बजे था, कई चक्कर लगाने के बाद भी लैंड नहीं कर सकी। तब इसे लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया। यह दोपहर करीब 11:40 बजे लखनऊ पहुंची।
यह भी पढ़ें- बिना सूचना कई फ्लाइटें कैंसिल होने से नाराज यात्रियों ने लखनऊ एयरपोर्ट पर किया हंगामा
इसी तरह, पुणे से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की उड़ान (एआई 1838) भी दिल्ली में नहीं उतर सकी और दोपहर करीब 11:50 बजे लखनऊ पहुंची। रायपुर से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली एयर इंडिया की एक अन्य उड़ान (एआई 1812) भी दिल्ली में लैंडिंग की अनुमति न मिलने के कारण दोपहर लगभग 12 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरी।
तीनों विमान कई घंटे बाद भी लखनऊ एयरपोर्ट पर खड़े रहें और यात्री भी विमानों के अंदर ही मौजूद बताए जा रहे थे। सूत्रों ने बताया कि दिल्ली का मौसम सामान्य होने के बाद इन उड़ानों को उनके गंतव्य दिल्ली के लिए रवाना किया जाएगा।




















