राजधानी में ठंड की दस्तक के साथ और जहरीली हुई हवा

दिल्ली में ठंड
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। प्रदूषण की मार झेल रही देश की राजधानी दिल्ली के हालात और खराब हो रहे हैं। पहाड़ों पर बर्फबारी और उत्तर-पश्चिम दिशा से चल रही ठंडी हवाओं ने दिल्ली-एनसीआर का मौसम बदल दिया है। सर्दी के साथ दिल्ली में प्रदूषण का स्तर भी तेजी से बढ़ रहा है। राजधानी के ज्यादातर इलाकों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब से लेकर गंभीर श्रेणी में पहुंच गई है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक, शनिवार सुबह सात बजे बवाना में एक्यूआइ 403 रिकॉर्ड किया गया, जो गंभीर श्रेणी में है। बात करें विवेक  विहार में एक्यूआइ 386, नेहरू नगर में 382, बुराड़ी में 373, जहांगीरपुरी और सोनिया विहार में 365, आनंद विहार में 355, चांदनी चौक में 349 दर्ज किया गया।
जानकारों का कहना है कि अगले तीन से चार दिनों तक प्रदूषण से राहत मिलना मुश्किल है, क्योंकि हवा की दिशा और गति फिलहाल अनुकूल नहीं है।

वहीं बढ़ते प्रदूषण और सर्दी को देखते हुए दिल्ली सरकार ने सरकारी दफ्तरों के समय में बदलाव किया है। अब 15 नवंबर से 15 फरवरी तक दिल्ली सरकार के कार्यालय सुबह दस बजे से शाम 6:30 बजे तक चलेंगे, जबकि एमसीडी (दिल्ली नगर निगम) के दफ्तरों का कामकाज सुबह 8:30 बजे से शाम पांच बजे तक होगा। सरकार का कहना है कि यह बदलाव कर्मचारियों और नागरिकों दोनों की सुविधा के लिए किया गया है, ताकि कोहरे और ट्रैफिक से बचा जा सके।

यह भी पढ़ें- राजधानी में प्रदूषण ने तोड़ा रिकॉर्ड, कई इलाकों में AQI 400 पार

वहीं भारतीय मौसम विभाग (आइएमडी) के मुताबिक शनिवार आठ नवंबर को दिल्ली-एनसीआर में सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रहेगा। हालांकि दिन के समय मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। जैसे-जैसे सूरज ऊपर चढ़ेगा, धूप निकलने से ठंड में हल्की कमी महसूस होगी।

राजधानी में शनिवार को न्यूनतम तापमान लगभग 12 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जो सामान्य से करीब 0.9 डिग्री सेल्सियस कम है। सुबह-शाम के समय चल रही ठंडी हवाएं अब सर्दी का असली एहसास कराने लगी हैं।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में फिर बढ़ा वायु प्रदूषण, AQI 400 पार