पूर्व मुख्यमंत्री को मिला नया ठिकाना, राजधानी के टाइप-8 बंगले में रहेंगे नीतीश कुमार

बंगला आवंटित

आरयू वेब टीम। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को दिल्ली में नया बंगला आवंटित हो गया है। नए बंगले के लिहाज से वह भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के पड़ोसी बन गए हैं। साथ ही नई व्यवस्था के तहत नीतीश कुमार की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और उन्हें सीआरपीएफ की जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा दी गई है।

पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार अब दिल्ली में नौ सुनहरी बाग स्थित टाइप-8 श्रेणी के बंगले में रहेंगे। उन्हें यहीं आलीशान बंगला आवंटित किया गया है। यह क्षेत्र देश के शीर्ष नेताओं के लिहाज से वीआइपी जोन माना जाता है। टाइप आठ बंगला करीब तीन एकड़ में फैला होता है। बड़ा लॉन रहता है, जिसमें वीवीआइपी टहल सकते हैं। बंगले में पांच बेडरूम, एक लिविंग रूम, बड़ा डाइनिंग एरिया, स्टडी रूम और गैरेज मिलता है।

सुरक्षा के बेहद हाई-क्लास इंतजाम होते हैं। गेट से लेकर लॉन, बगीचा, हॉल तक चप्पे-चप्पे की निगरानी 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों की मदद से होती है। नीतीश पहले पटना स्थित एक अणे मार्ग (सीएम आवास) में रह रहे हैं। सीएम आवास छह एकड़ में फैला है। दिल्ली वाला बंगला आकार में इससे आधा है।

यह भी पढ़ें- नीतीश कुमार ने दिया इस्तीफा, भाजपा के सम्राट चौधरी होंगे बिहार के मुख्यमंत्री

ये आवास दस सर्कुलर रोड के पास है, जहां प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव का परिवार रहता है। नीतीश के नए सात सर्कुलर बंगले पर ही जनता दल यूनाइटेड ने अगले हफ्ते सोमवार को पार्टी विधायक दल की बैठक बुलाई है। इस बैठक में जेडीयू के विधायक दल का नेता चुना जाएगा।

दरअसल दिल्ली के टाइप आठ के बंगले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी रहते हैं। नौ सुनहरी बाग स्थित बंगले में आने पर नीतीश कुमार अब भाजपा के अध्यक्ष नितिन नवीन के पड़ोसी बन जाएंगे।

यह भी पढ़ें- बिहार के CM नीतीश कुमार ने MLC पद से दिया इस्तीफा